राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मार्च। कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले के विरूद्ध सुरगी चौकी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार 23 मार्च को पुलिस चौकी सुरगी को ग्राम उसरीबोड़ से एक महिला द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि उसका पति थानसिंह साहू प्रतिदिन नशापान कर घर में विवाद एवं मारपीट करता है। साथ ही परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर देता है। इसके अलावा घर के अलमारी का लॉकर बंद कर पत्नी के जेवरात एवं नगदी नहीं दे रहा है। उक्त दिनांक को भी आरोपी द्वारा नशे की हालत में परिवार के साथ झगड़ा किया जा रहा था।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शिकायत की तस्दीक की गई। जांच एवं पूछताछ के दौरान पाया गया कि आरोपी थानसिंह साहू पेशे से शिक्षक, नशा करने का आदी है एवं अपने पत्नी व बच्चों के साथ लगातार दुव्र्यवहार करता है। पुलिस कार्रवाई के दौरान भी आरोपी द्वारा आक्रोशित होकर विवाद किया गया। जिससे शांति एवं कानून व्यवस्था भंग होने तथा संज्ञेय अपराध घटित होने की संभावना परिलक्षित हुई। आरोपी थानसिंह साहू 40 वर्ष निवासी ग्राम उसरीबोड़ को धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


