राजनांदगांव
होली के दिन चौखडिय़ापारा के सूने मकान में आरोपियों ने बोला था धावा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मार्च। शहर के चौखडिय़ापारा इलाके के एक सूने मकान से होली के दिन लाखों रुपए के जेवरात को उड़ाने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी के आभूषणों को बरामद किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि नंदई चौक निवासी प्रार्थी वतन सिंह राजपूत ने बसंतपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 4 मार्च को वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित मोहला गए हुए थे। उसी दौरान घर के कमरे में आलमारी में रखे हुए सोने के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है।
रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 110/26 कायम कर विवेचना में लिया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू एवं साइबर थाना प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी शंकर रजक उर्फ बंठा 26 साल निवासी बांसपाई पारा, निखिल ढीमर उर्फ निक्कु 20 साल निवासी ढीमरपारा रानीसागर के पास, आलोक भोजपुरी 21 साल निवासी इंदिरा नगर तथा सुरेश ढीमर उर्फ सुरजू 54 साल निवासी बांसपाई पारा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ किया गया, जो जुर्म करना स्वीकार किया गया। पुलिस ने आरोपी शंकर उर्फ बंठा रजक से 01 नग सोने का हार वजनी 14 ग्राम कीमती 157500 रुपए एवं घटना में प्रयुक्त लोहे का राड, आरोपी निखिल ढीमर से 01 नग सोने का झुमका वजनी 7.950 ग्राम कीमती 89436 रुपए तथा आरोपी सुरेश ढीमर से 01 नग सोने का मंगलसूत्र वजनी 28.950 ग्राम कीमती 572604 रुपए जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया। प्रेसवार्ता में अलेक्जेंडर किरो समेत अन्य पुलिस जवान शामिल थे।