राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च। भारत की जनगणना 2026-27 के लिए मकान सूचीकरण कार्य शासन के निर्देशानुसार अपै्रल से सितम्बर 2026 के मध्य निर्धारित 30 दिनों की अवधि में संचालित किया जाना प्रस्तावित है। निर्देशानुसार राज्य शासन द्वारा मकान सूचीकरण कार्य संपादित करने 1 मई से 30 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है।
जनगणना संबंधी दिशा-निर्देश के परिपालन तथा प्रारंभिक तैयारी व मकान सूचीकरण का कार्य निगम सीमाक्षेत्र में किया जा रहा है। मकान नम्बरिंग कार्य की प्रगति की जानकारी लेने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने सोमवार को बैठक लेकर वार्डवार समीक्षाकर नंबरिंग कार्य की प्र्रगति की जानकारी ली।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बैठक में कहा कि भवन नम्बरिंग के आधार पर जनगणना ब्लाकों का निर्धारण किया जाएगा। यह कार्य वार्ड के प्रभारी उप अभियंताओं के मार्गदर्शन में किया जाना है। उक्त कार्य तभी होगा जब मकान नम्बरिंग कार्य पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि मकान नंबरिंग के लिए 3-4 दिन का समय शेष है। नंबरिंग कार्य पूर्ण करने कार्य में तेजी लावे और निर्धारित अवधि तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिनके सहयोगी कार्य नहीं कर रहे है, उन्हें चेतावनी दे, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मकान, भवन नम्बरिंग कार्य गंभीरता से करना है। जिसमें कोई भी भवन, मकान न छूटे। रिक्त भवन, बंद भवन को भी सूचीबद्ध करना है। उन्होंने कहा कि अपने वार्ड का एक नजरी नक्शा बनाकर रखे, एक बार में सही नक्शा नहीं बनेगा, नक्शा में रोड, गली का बराबर उल्लेख हो, इसके लिए अभी से कार्य करें, मकान/भवन के आधार पर एकानुपातिक नक्शा बनाना है। उसके आधार पर ब्लाक बनाया जाएगा। प्र.कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम ने कहा कि नक्शा जितना अच्छा बनेगा, उतना अच्छा ब्लाक कटेगा। भवन, मकान, मंदिर आदि का चिन्ह बनाकर कार्य करें। जिससे नक्शा बनाने में सुविधा होगी। बैठक में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा व सुषमा साहू, प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित अभियंतागण एवं निगम के कर्मचारी उपस्थित थे।


