राजनांदगांव

मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बकाया, भाजपा सरकार जवाब दे- महेन्द्र
17-Mar-2026 4:17 PM
मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बकाया, भाजपा सरकार जवाब दे- महेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च।
जिला पंचायत सदस्य एवं महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव (ग्रामीण) महेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते कहा कि प्रदेश में हर वर्ग अपने आपको ठगा और उपेक्षित महसूस कर रहा है। सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, किसान और मजदूर सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वीबी जी-राम-जी योजना की शुरूआत की बात की जा रही है, लेकिन उससे पहले ही मनरेगा के अंतर्गत कार्य करने वाले मजदूरों की मजदूरी विगत ढाई-तीन महीनों से लंबित पड़ी है। मेहनत करने वाले गरीब मजदूर अपने ही हक के पैसे के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने में भी पूरी तरह विफल साबित हो रही है। मजदूरों की मेहनत की कमाई रोककर सरकार उनकी उपेक्षा कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेने पर भी केवल गोलमोल जवाब देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते कहा कि यदि जल्द ही मनरेगा मजदूरों का लंबित भुगतान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी मजदूरों के हक की लड़ाई के लिए सडक़ से लेकर प्रशासन तक भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ  उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।


अन्य पोस्ट