राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मार्च। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने नगर पंचायत घुमका में शराब दुकान के लिए पवित्र गौठान स्थल के साथ महिला स्व-सहायता समूह के विकास के लिए बनाए गए कमरों को शराब दुकान के लिए कब्जा कर मुरमीकरण कराए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते इसे भाजपा सरकार की गौठान और महिला के प्रति असम्मान एवं क्रूरता का प्रमाण बताया है।
प्रदेश प्रवक्ता श्री दुबे ने कहा कि जिले का आबकारी विभाग अवैध कार्यों का अड्डा है, क्योंकि यहां अवैध भवनों में बिना भाड़ा नियंत्रण से किराए फिक्स कराए दुकान चलवाना, सरकारी दुकानों में अपात्र लोगों को नियुक्त करा ओवर रेट के साथ प्रतिबंधित शराब बिकवाने के प्रमाणित अपराध कर रहे हैं जो गंभीर आर्थिक अनियमितता के साथ आपराधिक कृत्य है। स्वतंत्रता सेनानी के जन्मभूमि घुमका को गौरव ग्राम घोषित करने के बाद डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने वहां के शराब दुकान को बंद कराया था, लेकिन भाजपा सरकार आते ही यहां शराब दुकान की साजिश रच दिया गया और नगर पंचायत घोषित कर वहां चुनाव ना कराकर शराब दुकान के लिए एनओसी का नीतिगत, विधिवत निर्णय ना लेना पड़े और शराब दुकान खुल जाए, क्योंकि नगर पंचायत में सामान्य सभा से प्रस्ताव पारित होने पर ही दुकान खुल सकती है अन्यथा नहीं।
वहीं घुमका में विकास नहीं, बल्कि जनता को संपत्ति, समेकित, जल व अन्य टैक्स की मार भाजपा सरकार दे दी है। ऐसी दशा में सरकार को पहले घुमका को विकास की मुख्य धारा से जोडऩा चाहिए। गौठान को सुरक्षित जगह के साथ महिला स्व-सहायता समूह के विकास क्रियाकलाप के स्थल को शराब दुकान के लिए कब्जा छ ग सरकार की गौधाम योजना के आडंबर के साथ नारी शक्ति का अपमान एवं महिला विकास में बाधा का प्रमाण है।


