राजनांदगांव

मनगटा और झूराडबरी में प्रशासन का चला बुलडोजर
14-Mar-2026 4:07 PM
मनगटा और झूराडबरी में प्रशासन का चला बुलडोजर

अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मार्च।
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध प्रशासन  ने कार्रवाई की। प्रशासन ने वन चेतना केंद्र मनगटा और ग्राम झूराडबरी में बुलडोजर चलाया।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम द्वारा ग्राम मनगटा एवं झूराडबरी में अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई।

ग्राम मनगटा के वन चेतना केन्द्र में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण कर बनाए गए रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाकर हटाया गया। इसी तरह ग्राम झूराडबरी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए कच्चा रास्ता व प्रवेश द्वार, शौचालय व नाली निर्माण को हटाया गया। इसके साथ ही अतिक्रमण करने वाले ग्राम झूराडबरी निवासी प्रमोद चौधरी, राघवेन्द्र सिंह एवं हेमंत सिंग पर अर्थदंड लगाया गया। इस दौरान अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा कर निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई। जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट