राजनांदगांव

मटियामोती जलाशय से छोड़ा गया पानी
13-Mar-2026 4:41 PM
मटियामोती जलाशय से छोड़ा गया पानी

35 किमी सफर कर पहुंचेगा शिवनाथ एनीकट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मार्च।
शिवनाथ नदी मोहारा एनीकट का जल स्तर कम होने के कारण रॉ वाटर प्रदाय हेतु महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा द्वारा कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग बालोद को मटियामोती जलाशय से नगर निगम राजनांदगांव के लिए आरक्षित पानी छोडऩे पत्र लिखा गया था। जिसके परिपालन में 10 मार्च को मटियामोती जलाशय से पानी छोडऩे की कार्रवाई की गई।

महापौर श्री यादव एवं आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने निर्देश पर जल संसाधान विभाग बालोद एवं नगर निगम राजनांदगांव के जल विभाग के स्टॉफ  की उपस्थिति में मटियामोती जलाशय से पानी को छोडऩे की कार्रवाई की गई। उक्त पानी 4-5 दिनों में 35 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मोहारा स्थित शिवनाथ एनीकट पहुंचेगा। मटियामोती जलाशय के लगभग 600 एमसीएफटी पानी में से 300 एमसीएफटी पानी ग्रीष्म ऋतु के लिए नगर निगम राजनांदगांव को पेयजल आपूर्ति के लिए सुरक्षित रखा गया है। सुरक्षित पानी को छोडऩे की कार्रवाई की गई। गत माह महापौर द्वारा मटियामोती जलाशय का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार पानी लेने निर्देश दिया गया था। निर्देशानुसार पत्राचार कर पानी लेने प्रक्रिया की गई। गर्मी बढऩे पर एनीकट में पानी की संग्रहण क्षमता अनुसार मोगरा जलाशय से भी पानी लिया जाएगा, ताकि ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को पर्याप्त पेयजल मुहैया कराया जा सके। इधर निगम प्रशासन के जल विभाग के अमले ने रूट मार्ग की सफाई कर पानी की सुरक्षा के लिए रूट मार्ग पर मानीटरिंग की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।


अन्य पोस्ट