राजनांदगांव

कंपनी डायरेक्टरों की संपत्ति सीज की जाए - मुदलियार
24-Feb-2026 7:21 PM
कंपनी डायरेक्टरों की संपत्ति सीज की जाए - मुदलियार

 एवीएम में लगाए पूंजी लौटाने की मांग, मुदलियार के नेतृत्व में चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी।
एवीएम रियल स्टेट एंड एलाइड कंपनी द्वारा ग्रामीण निवेशकों की रकम हड़पने के मामले को लेकर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में सोमवार को पीडि़तों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।

श्री मुदलियार ने कहा कि शिकायत मिल रही है कि कंपनी के डायरेक्टर संपत्ति अपने रिश्तेदारों के नाम पर ट्रांसफर कर रहे हैं, उन्हें तत्काल सीज किया जाना चाहिए। टेड़ेसरा में राजनांदगांव और दुर्ग जिले के निवेशक पहुंचे और पूंजी वापसी की मांग को लेकर आवाज उठाई। इस दौरान यहां जुटे कई महिलाओं और दूसरे निवेशकों की आंख में आंसू थे। कईयों ने अपने बच्चों की शादी, पढ़ाई या घर बनाने के लिए ये रकम बचाई थी, लेकिन कुछ ठगों की कंपनी ने उनके पैसे ही नहीं, बल्कि सारे सपने और उम्मीदें लूट लिए।

उन्होंने प्रदर्शन के दौरान कहा कि चिटफंड कंपनियों का जाल भाजपा सरकार में ही फैला। सत्ता के संरक्षण में लोगों को ठगने, उनकी पूंजी हड़पने का षडय़ंत्र रचा गया। एवीएम रियल स्टेट एंड एलाइड कंपनी ने भी सैकड़ों ग्रामीणों को निशाना बनाया और करोड़ों रुपए हजम कर गए। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सरकार आई तो हमने ऐसे पूंजी निवेशकों की रकम लौटाने के प्रयास शुरु किए। प्रदेश में सैकड़ों निवेशकों को कांग्रेस सरकार की मदद से पूंजी वापस मिल सकी, लेकिन भाजपा के सत्ता में आते ही यह प्रक्रिया बंद कर दी गई। उन्होंने बताया कि आज प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन सौंपकर कंपनी की संपत्ति और निवेश का सत्यापन, निवेशकों को पैसे लौटाने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की गई है। इस प्रदर्शन में शुभम पांडे, शैलेष साहू, वीरेंद्र चंद्राकर, हेमचंद यादव, सुनील कोठारी सहित बड़ी संख्या में निवेशक मौजूद थे।


अन्य पोस्ट