राजनांदगांव
डोंगरगढ़ के राका में आधी रात हादसा
'छत्तीसगढ़' संवाददाताराजनांदगांव, 24 फरवरी। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के सटे राका गांव में एक सडक़ हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात 12 बजे की है।
बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में थे। एक डिवाइडर में टकराने की वजह से दोनों गिर पड़े और घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। मृतक डोंगरगढ़ के कालकापारा मोहल्ले के रहने वाले हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक कालकापारा के रहने वाले सुजीत डोंगरे और तुषार सोनी एक बाइक में तेज गति से घर लौट रहे थे। इस बीच राका में पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि डिवाइडर से टकराते ही दोनों बाइक से इधर-उधर गिर गए। दोनों को हादसे में गंभीर चोट पहुंची। आधी रात होने की वजह से उन्हें तत्काल किसी की मदद नहीं मिली और मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि तेज रफ्तार के चलते यह दुखद घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, दोनों युवकों की मौत की खबर से मोहल्ले में मातम छा गया। आज दोपहर बाद दोनों की अंत्येष्टि होगी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया है।


