राजनांदगांव

पशु तस्करी, 4 आरोपी गिरफ्तार
23-Feb-2026 5:52 PM
पशु तस्करी, 4 आरोपी गिरफ्तार

कार को ठोकर मारने पर तस्करी का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 23 फरवरी। ओडिशा राज्य से वाहन में मवेशियों को नागपुर महाराष्ट्र परिवहन करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की।  पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक ट्रक वाहन कीमती 20 लाख रुपए सहित 12 नग गाय व 9 नग बछड़ा कीमती 6 लाख रुपए को जब्त किया। आरोपियों द्वारा बायपास रोड के पास कार को एक्सीडेंट करने पर मामले का खुलासा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को रात्रि 1.30 बजे पुलिस को सूचना मली कि सीआईटी बायपास में एक 6 चक्का टाटा 1212 के चालक द्वारा एक कार को ठोकर मार दिया है। मौके पर 2 बजे पहुंचकर गाड़ी के अंदर तारपोलिंग को हटाकर देखे जाने पर 12 दुधारू गाय एवं 10 बछड़े गाड़ी में बंधा हुआ था। जिसमें से 02 बछड़ों की मृत्यु हो चुकी थी। वाहन चालक महेश कुमार यादव से पूछे जाने पर वह बताया कि चिपलिमा गौशाला संभलपुर ओडिशा से 12 दुधारू गाय को लेकर कलमना नागपुर छोडऩे जा रहे हैं।
दस्तावेज मांगे जाने पर आधा-अधूरा दस्तावेज दिया गया। वाहन चालक एवं मवेशियों के केयर टेकरों द्वारा गायों एवं बछड़ों को उचित लंबाई, चौड़ाई व उंचाई स्थान न देकर हिलने-डुलने का युक्तियुक्त अवसर नहीं देकर पशुओं के साथ क्रूरता किया गया।  जिससे दो बछड़ों की मृत्यु हो गई है तथा वाहन को नेशनल हाइवे में लापरवाहीपूर्वक चलाना पाए जाने से टाटा वाहन को मय मवेशियों के जब्त कर मवेशियों को गौशाला में देखरेख उपचार हेतु सुपुर्द कर आरोपियों के खिलाफ धारा 325, 281, 3(5) बीएनएस, 11(1)(घ), 11(1)(ड) पशुक्रूरता निवारण अधिनियम 130 (3), 66/192, 39 मो.व्ही. एक्ट पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया।


अन्य पोस्ट