राजनांदगांव

छठी कार्यक्रम में जा रहे ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, एक महिला की मौत
23-Feb-2026 1:16 PM
छठी कार्यक्रम में जा रहे ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, एक महिला की मौत

मोहला-मानपुर के ईरागांव मोड़ की घटना, दर्जनभर घायल
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी।
मोहला-मानपुर जिले में रविवार दोपहर बाद एक सडक़ हादसे में ट्रैक्टर में सवार एक महिला की जहां मौत हो गई। वहीं घटना में दर्जनभर ग्रामीण घायल हुए हैं। एक अज्ञात ट्रक ने छठी कार्यक्रम में ग्रामीणों को ले जा रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि किसी को सम्हलने का मौका नहीं मिला। मृत महिला 26 साल की थी। मानपुर पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक खुर्सेखुर्द के ग्रामीण रविवार को छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर से मेड़ गांव जाने के लिए निकले थे। ईरागांव मोड़ के पास पीछे से आ रही एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते चालक ट्रैक्टर को सम्हाल नहीं पाया और ट्रॉली पलट गई। इसमें सवार 26 साल की दुरपतबाई उसारे की मौत हो गई। जबकि 11 ग्रामीणों को चोट पहुंची है। जिसमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। 

 

इधर पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मारकर फरार होने वाले चालक को ट्रक समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी वायपी सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज और 10 साल के घायल  बच्चे की शिनाख्ती पर ट्रक को रायपुर से लाया गया। घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।


अन्य पोस्ट