राजनांदगांव

मॉडल हिस्ट्री से कम सवाल आने से मायूस हुए पीएससी के अभ्यर्थी
22-Feb-2026 9:50 PM
मॉडल हिस्ट्री से कम सवाल आने से मायूस हुए पीएससी के अभ्यर्थी

आर्थिक सर्वेक्षण और जनजाति संबंधी सवालों ने भी उलझाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 फरवरी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को प्रारंभिक परीक्षा में मॉडल हिस्ट्री से कम सवाल पूछे जाने से अभ्यर्थी जहां मायूस हुए वहीं आर्थिक सर्वेक्षण और जनजाति संबंधी प्रश्नों ने भी परीक्षार्थियों को उलझा दिया। जिले में 4 हजार 186 परीक्षार्थियों ने अफसर बनने के लिए आवेदन किया था।

इसी कड़ी में आज शहर के दर्जनभर परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई। पीएससी चयन की प्रारंभिक परीक्षा में आज सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाकर रखा। आमतौर पर मॉडल हिस्ट्री से सवाल पूछे जाते हैं, लेकिन इस बार पीएससी में अभ्यर्थियों को चकमा दे दिया। इस वजह से अभ्यर्थियों को प्रश्नों का उत्तर लिखने में परेशानी हुई। उधर शहर के 12 परीक्षा केंद्रों में प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक हुई। इसके बाद दोपहर  3 से 5 बजे दूसरी पाली में अभ्यर्थी केंद्रों में पहुंचे।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के लिए कई तरह की शर्तें भी लागू रही। मसलन परीक्षा के दौरान किसी भी अधिकारी एवं परीक्षार्थी को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाईस ले जाने पर रोक रही। अभ्यर्थियों को अपने साथ फोटोयुक्त प्रवेश पत्र एवं मूल पहचान पत्र के साथ अनिवार्य रूप से दिखाने के बाद प्रवेश दिया गया।

युवतियों के लिए भी कई तरह की पाबंदियां थी।  जिसमें जींस-पैंट पहनने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा सलवार कुर्ती तथा चुनरी (दुपट्टा) पहनने की छूट थी, लेकिन कुर्ती की बांह छोटी (आधी) होना अनिवार्य किया गया था। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण भी वर्जित थे। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र धारण करने की अनुमति थी। इस तरह कड़ी जांच और शर्तों को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को आसानी से प्रवेश मिला।

राजपत्रित अधिकारी बनने युवाओं में दिखा उत्साह

रविवार को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत अन्य राजपत्रित पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया है। जिसमें हिस्सा लेने वाले युवाओं में उत्साह नजर आया। परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्रों में समय से पूर्व नियम व शर्तों को लेकर कड़ी जांच के बाद प्रवेश पाया।


अन्य पोस्ट