राजनांदगांव
बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट चैत्र नवरात्र से पहले तैयारी में जुटा
राजनांदगांव, 15 फरवरी। मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट ने 16 फरवरी यानी कल सोमवार से 27 फरवरी तक रोपवे का संचालन बंद रखने की जानकारी दी है। ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि बंद अस्थाई रूप से उक्त तिथि तक रहेगी।
समिति के मुताबिक मेन्टेनेंस और अन्य तकनीकी जांच के लिए रोपवे को 11 दिनों तक बंद रखा जाएगा। बंद के दौरान रोपवे की मरम्मत, उपकरणों की जांच के अलावा सुरक्षा मानको का परीक्षण किया जाएगा। बताया जाता है कि मार्च के दूसरे पखवाड़े में चैत्र नवरात्रि की शुरूआत होगी। नवरात्रि में हजारों की संख्या में भक्त रोपवे के जरिये दर्शन के लिए पहुंचते हंै। ऐसे में ट्रस्ट ने आगामी मेले के मद्देनजर रोपवे का संचालन अस्थाई तौर पर बंद रखा जाएगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से रोपवे बंद होने की स्थिति में दर्शन हेतु पैदल मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। गौरतलब है कि बीते वर्ष चैत्र नवरात्रि में रोपवे टूटने से भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा को गंभीर चोंट पहुंची थी। ट्रस्ट द्वारा संचालित रोपवे में पहले भी हादसे हुए हैं।


