राजनांदगांव

जेल रोड की 7 दुकानों में निगम ने जड़ा ताला
06-Feb-2026 4:47 PM
जेल रोड की 7 दुकानों में निगम ने जड़ा ताला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 फरवरी।
प्रीमियम भुगतान नहीं करने पर हाईटेक बस स्टैंड जेल रोड की 7 दुकानों में नगर निगम ने ताला जडऩे की कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार  वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर नगर निगम राजस्व वसूली में कड़ाई बरतते  दुकानों की बकाया प्रीमियम तथा दुकान किराया पर संबंधित को नोटिस जारी कर रही है। साथ ही सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बड़े बकायेदारों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है। गुरुवार को  हाईटेक बस स्टैंड जेल रोड की दुकानों का प्रीमियम जमा नहीं करने पर 7 दुकानों में ताला जडऩे की कार्रवाई की गई। वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिए नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा  राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे हैं और बकायेदारों को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं।  निर्देश के अनुक्रम में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी कर बकाया करों का भुगतान नहीं करने की स्थिति में कार्रवाई की तैयारी कर  है।

इन दुकानों में जड़ा गया ताला
गुरुवार को कार्रवाई में हाईटेक बस स्टैंड जेल रोड के दुकानदारों में दुकान क्र. 1 आबंटित मनीष कुमार बाफना द्वारा प्रीमियम राशि 5 लाख 14 हजार जमा की गई व 6 लाख का आगामी तिथि का चेक दिया गया। साथ ही जिन दुकानों के आबंटितियों द्वारा प्रीमियम राशि जमा नहीं करने पर दुकान क्र. जी-2 आबंटित भावेश अग्रवाल बकाया प्रीमियम 11 लाख 38 हजार 757 रुपए,  दुकान क्र. जी-3 आबंटित प्रकाश राठौड बकाया प्रीमियम 13 लाख 39 हजार 206 रुपए, दुकान क्र. जी-7 आबंटित मीना राठौड़ बकाया प्रीमियम 13 लाख 39 हजार 206 रुपए, दुकान क्र. जी-8  दादा ब्रदर्स बकाया प्रीमियम 13 लाख 40 हजार 206 रुपए, दुकान क्र.  जी-9 भावेश अग्रवाल बकाया प्रीमियम 11 लाख 40 हजार 757 रुपए एवं दुकान क्र.  जी-10 दादा ब्रदर्स बकाया प्रीमियम 13 लाख 47 हजार 206 रुपए की प्रीमियम राशि जमा नहीं करने पर उक्त 7 दुकानों में ताला जडऩे की कार्रवाई की गई।

बड़े बकायेदारों को दिया जा रहा नोटिस
आयुक्त ने बताया कि शासन लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत राजस्व वसूली किया जाना है।  वसूली के लिए करदाताओं को करो का भुगतान करने अपील की जा रही है। बड़े बकायेदारों को नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने करदाताओं से कहा कि अपने बकाया कर एवं किराये की राशि का भुगतान समय पर कर अधिभार एवं निगम की कार्रवाई से बचे। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक रविन्द्र ठाकुर व राजकुमार बंजारे एवं राजस्व अमला उपस्थित था।


अन्य पोस्ट