राजनांदगांव

नांदगांव में जीएसटी संभागीय कार्यालय खोलने की मांग
06-Feb-2026 4:33 PM
नांदगांव में जीएसटी संभागीय कार्यालय खोलने की मांग

कारोबारियों और अधिवक्ताओं को मिलेगी राहत
राजनांदगांव, 6 फरवरी
। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक बिंदल ने राजनांदगांव जिले के व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते राज्य सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा वित्तमंत्री ओपी चौधरी से राजनांदगांव में जीएसटी विभाग का संभागीय कार्यालय स्थापित करने एवं एक नए जीएसटी वृत सर्किल के गठन की मांग की है।

श्री बिंदल ने कहा कि वर्तमान में जीएसटी का संभागीय कार्यालय दुर्ग में स्थित है। जिसके कारण राजनांदगांव सहित आसपास के जिलों के व्यापारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अधिवक्ताओं को बार-बार दुर्ग जाना पड़ता है। इससे न केवल समय और धन की बर्बादी होती है, बल्कि विभागीय कार्यों में भी अनावश्यक देरी होती है। उन्होंने बताया कि यदि राजनांदगांव में जीएसटी का संभागीय कार्यालय खोला जाता है तो इससे स्थानीय व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही कर संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा। इससे न सिर्फ  व्यवसायियों को राहत मिलेगी, बल्कि विभागीय अधिकारियों के कार्य भी सरल और सुचारु हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है और यहां बड़ी संख्या में पंजीकृत व्यापारी एवं उद्योग संचालित हैं। ऐसे में जिले में जीएसटी का संभागीय कार्यालय खोला जाना समय की आवश्यकता है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापारिक वातावरण को भी सकारात्मक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने शासन से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि राजनांदगांव एवं आसपास के जिलों के व्यापारियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।


अन्य पोस्ट