राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 फरवरी। महापौर मधुसूदन यादव ने गुरुवार को वार्ड नं. 29, 30 एवं 31 में पहुंचकर वार्डवासियों से रूबरू होकर साफ-सफाई के संबंध में चर्चा कर उद्यानों का निरीक्षण किया। साथ ही पानी समस्या पर पाईप लाइन की जांच करने के निर्देश दिए।
महापौर ने सुबह वार्ड नं. 29, 30 एवं 31 के पार्षदों के साथ कैलाश नगर, कंचनबाग एवं जनता कालोनी में साफ-सफाई एवं पेयजल के संबंध में वार्डवासियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आगामी माह में स्वच्छता सर्वेक्षण होने वाला है, जिसे ध्यान में रखकर शहर की साफ-सफाई में सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जो आप लोगों के सहयोग के बिना अधूरा है। आप अपने घर के आसपास साफ-सफाई रखे, घर का कचरा गीला-सूखा अलग-अलग रखकर स्वच्छता दीदीयों को देने समझाईश दी।
कैलाश नगर में जलाराम मंदिर के पास स्थित उद्यान में लाईट लगाने तथा मरम्मत की मांग पर संबंधित इंजीनियर को कार्य कराने निर्देशित किया। इसी प्रकार कंचनबाग अटल आवास के पास पानी निकासी की समस्या का समाधान करने कहा। जनता कालोनीवासियों द्वारा वर्तमान में कम पानी आने की शिकायत की गई। जिसके निराकरण के लिए पानी टैंकर भेजने तथा पाईप लाइन की जॉच करने के निर्देश दिए। साथ ही जनता कालोनी में उद्यान का निरीक्षण कर उद्यान मरम्मत कर आवश्यक व्यवस्थिा सुनिश्चित करने कहा।
निरीक्षण के दौरान प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा व सुषमा साहू, उप अभियंता पिंकी खाती व रीतू श्रीवास्तव, प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित निगम का तकनीकी एवं स्वास्थ्य अमला सहित वार्डवासी उपस्थित थे।


