राजनांदगांव
राजनांदगांव, 8 जनवरी। चलित थाना संवाद के तहत पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया। मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना डोंगरगांव, थाना गेंदाटोला एवं पुलिस चौकी तुमडीबोड पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र में चलित थाना संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूलों के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा उन्मूलन, यातायात नियमों के पालन तथा पुलिस-जनसहयोग की महत्ता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं एवं उनका त्वरित समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस द्वारा आयोजित इस चलित थाना संवाद का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना तथा समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


