राजनांदगांव
राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 दिसंबर। जिले के डोंगरगांव नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा मिल गया है। राज्य सरकार ने इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित की गई है। सरकार ने 2011 की जनसंख्या के आधार पर डोंगरगांव को नगर पालिका का दर्जा दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी करते डोंगरगांव को नगर पालिका का दर्जा दिया है। वर्ष 2011 की जनसंख्या 14 हजार 693 थी। इस आधार पर सरकार ने नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा देने का विधिवत आदेश जारी किया है। इस खबर से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। डोंगरगांव नगर पंचायत के पालिका में उन्नयन होने से सभी वार्ड और सीमा पालिका के अधीन होंगे। इधर नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद लोगों ने विशेषकर राजनीतिक दलों ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए पटाखे फोडकर मिठाईयां बांटी।
बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में नए सिरे से शहर का सीमांकन होगा। इसके बाद आसपास के ग्राम पंचायतों को पालिका में शामिल किया जा सकता है। लंबे समय से डोंगरगांव के सभी राजनीतिक दलों, समाजसेवी एवं अन्य सामाजिक प्रमुखों की ओर से नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा था। नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद विकास कार्य में तेजी होगी। वहीं अब 15 वार्ड से नगर पालिका का दर्जा मिलते ही 24 वार्ड शामिल होंगे।


