राजनांदगांव

बढ़ी ठंड, शहर के 6 स्थानों पर अलाव की सुविधा
03-Dec-2025 4:30 PM
बढ़ी ठंड, शहर के 6 स्थानों पर अलाव की सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 दिसंबर।
नगर निगम द्वारा शीत ऋतु में नगर के निर्धनों एवं श्रमिकजनों को कड़ाके की ठंड से बचाने अलाव की सुविधा मुहैया कराई जाती है। इसी कड़ी में ठंड के प्रारंभ से पुराना बस स्टैंड, पोस्ट ऑफिस चौक एवं रेल्वे स्टेशन के पास अलाव जलाया जा रहा है। अब अत्याधिक ठंड पडऩे पर 3 अतिरिक्त स्थानों में अलाव की व्यवस्था की गई है।

अलाव जलाने के संबंध में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि अत्याधिक ठंड को ध्यान में रखते राजनांदगांव में निर्धनों व श्रमिकों को शीत लहर से बचाने नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष अलाव जलाया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष शीत ऋतु में ठंड बढऩे पर पुराना बस स्टैंड, पोस्ट ऑफिस चौक एवं रेल्वे स्टेशन के पास अलाव जलाया जा रहा है। वर्तमान में अत्याधिक ठंड पडने पर महापौर मधुसूदन यादव के निर्देशानुसार अलाव की संख्या में वृद्धि कर 3 अतिरिक्त स्थान पेंड्री मेडिकल कॉलेज, सिविल लाइन तथा चिखली में भी अलावा जलाया जा रहा है। आवश्यकतानुसार अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी नागरिकों के लिए अलाव की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने ठंड को ध्यान में रखते शहर के प्रमुख स्थानों पर जलाए जा रहे अलाव को देर रात्रि तक जलाए रखने के निर्देश प्रभारी को दिए हैं।

अत्याधिक ठंड पडऩे पर महापौर मधुसूदन यादव ने नागरिकों से अपील करते कहा कि ठंड बढ़ती जा रही है, इसलिए रात्रि में अनावश्यक घर से बाहर न निकले, किसी कारणवश बाहर निकलने पर गरम कपड़ा पहने, मफलर एवं टोपी लगाएं। सर्दी, खांसी, बुखार होने तथा ठंडी से अन्य किसी प्रकार की तबियत खराब होने की स्थिति में डॉक्टरी परीक्षण कराएं। उन्होंने फ्लाई ओवर के नीचे अस्थाई रहवासियों से भी कहा कि ठंड से बचने वे निगम के रैन बसेरा में जाकर रहे।


अन्य पोस्ट