राजनांदगांव
महाराष्ट्र से मोहला-मानपुर के जंगल में पहुंचा बाघ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 दिसंबर। मोहला-मानपुर जिले के औंधी इलाके में एक बाघ ने बछड़े और गाय का शिकार किया है। वन महकमे को बाघ की मौजूदगी के प्रमाण मिले हैं। वहीं बाघ के हमले में मारी गई मवेशियां भी बरामद हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहला-मानपुर जिले के औंधी क्षेत्र के 1008 बीट क्रमांक में एक बाघ की दहाड़ सुनाई पड़ी है। इसके अलावा बाघ ने बछड़े और गाय का शिकार किया है। विभाग के मैदानी अमले ने पदचिन्ह के आधार पर बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है। एमएमसी डीएफओ दिनेश पटेल ने घटना क्षेत्र का दौरा भी किया है। उन्होंने ग्रामीणों को अलर्ट रहने के अलावा रात को घर से बाहर नहीं निकलने के लिए चेतावनी भी दी है।
.jpeg )
बताया जा रहा है कि टाईगर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के जंगल से एमएमसी जिले के वन क्षेत्र में दाखिल हुआ है। पिछले कुछ सालों में वन्य प्राणियों की मोहला-मानपुर जिले में मौजूदगी से ग्रामीणों की संपत्ति को नुकसान हुआ है। दो-तीन साल के भीतर जंगली हाथियों का भी झुंड पूरे क्षेत्र में मंडराता रहा है। हाथियों के कारण भी ग्रामीणों को भी काफी नुकसान पहुंचा था। इस बीच बाघ की मौजूदगी से औंधी क्षेत्र के नवागढ़ एवं अन्य गांव में दशहत की स्थिति है। देर रात आवाजाही करने वालों के लिए वन विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है।


