राजनांदगांव

विस अध्यक्ष रमन ने भानपुरी में किया धान खरीदी का शुभारंभ
16-Nov-2025 4:52 PM
विस अध्यक्ष रमन ने भानपुरी में किया धान खरीदी का शुभारंभ

बिक्री के लिए पहुंचे किसानों से हुए रूबरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 नवंबर।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को राजनांदगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र भानपुरी में इलेक्ट्रानिक कांटा बाट मशीन में धान का बारदाना रखकर पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने किसानों को फूल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में धान की बिक्री के लिए पहुंचे किसानों से रूबरू हुए। उन्होंने किसानों से खेती-किसानी के संबंध में चर्चा की और किसानों को धान विक्रय के लिए शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत आज से पूरे प्रदेश में धान खरीदी की शुरूआत हो रही है और प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों को धान का वाजिब कीमत देने, समय पर खरीदी करने, समय पर उठाव करने तथा अन्य कार्यों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के संबंध में किसी भी तरह की समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जिले में शुरू की गई धान खरीदी के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि जिले में सभी 96 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की जाएगी। धान खरीदी हेतु इस वर्ष 1 लाख 28 हजार 410 कृषकों का पंजीयन किया गया है। सभी उपार्जन केन्द्रों में पर्याप्त संख्या में बारदाने उपलब्ध है। धान खरीदी के लिए मानव संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। धान खरीदी हेतु टोकन जारी किया जा रहा है। किसान टोकन के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक धान ब्रिकी कर सकते है।

इस अवसर पर समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल, सुमित उपाध्याय, भावेश बैद, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एडीएम राजनांदगांव  गौतमचंद पाटिल, खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी, केन्द्रीय सहकारी समिति के सीईओ श्री सोनी सहित सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट