राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा बैठक भाजपा के मुसरा मंडल में सम्पन्न हुई। पीएम मोदी नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण एवं छत्तीसगढ़ राज्य उत्सव पर शामिल होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार 01 नवंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम के पूर्व रविवार को भाजपा की तैयारी बैठक मुसरा मंडल में संपन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर आगमन के अवसर पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत हेतु रायपुर जाने हेतु जनसंपर्क तथा आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक के मुख्य वक्ता रवि सिन्हा, मनोज निर्वाणी, अमितेश झा उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि यह आयोजन भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बने। बैठक में पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई। स्वागत समिति, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, मीडिया समन्वय, सोशल मीडिया प्रचार, जलपान व्यवस्था तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रूपरेखा तय की गई।
श्री सिन्हा ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता के विकास और आत्मगौरव का उत्सव है। प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएगा। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, जनपद जिला एवं सरपंच वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


