राजनांदगांव

बिरनपुर में भाजपा के साम्प्रदायिक हिंसा का पर्दाफाश- कांग्रेस
06-Oct-2025 7:16 PM
बिरनपुर में भाजपा के साम्प्रदायिक  हिंसा का पर्दाफाश- कांग्रेस

 उपमुख्यमंत्री साव को नैतिकता के नाते पद से देना चाहिए इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 अक्टूबर। बिरनपुर हत्याकांड एवं साम्प्रदायिक हिंसा मामले में सीबीआई द्वारा विशेष अदालत में चार्जशीट  पेश करने के बाद तस्वीर साफ हो गया है कि चुनावी लाभ लेने भाजपा द्वारा षडयंत्र रचा था। भाजपा के इस षडयंत्र को आम जनता तक पहुंचाने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आदेशानुसार 5 अक्टूबर को राजनांदगांव प्रभारी व खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू द्वारा प्रेसवार्ता लेकर जानकारी दी।

प्रेसवार्ता में विधायक भोलाराम साहू ने बताया कि बिरनपुर हत्याकांड हिंसा में सीबीआई ने चार्जशीट में घटना का विस्तृत विवरण दिया है। जिसमें स्पष्ट हुआ है कि यह घटनाक्रम दो बच्चों के झगड़े से शुरू होकर दो परिवारों तक पहुंचा और बाद में यह दो समुदायों का झगड़ा बन गया।

सीबीआई ने अपने जांच में पाया कि इस घटना में कोई राजनैतिक षडयंत्र नहीं था, यह एक मामूली झगड़ा था। जिसने खूनी रूप ले लिया। सीबीआई जांच के बिन्दु भाजपा सरकार ने तय किया था, यदि जांच के बिन्दु में घटना के बाद के राजनैतिक षडयंत्र होता तो भाजपा बेनकाब हो जाती। बिरनपुर मामले में सीबीआई की चार्जशीट से साफ  हो गया कि उस समय भाजपा ने तत्कालिन कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी पर जो आरोप लगाया था वह झूठा था। यह आरोप भाजपा की चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से की गई राजनैतिक साजिश थी।

सीबीआई की चार्जशीट ने भाजपा का काला चेहरा सामने रख दिया। भाजपा ने उस समय को साम्प्रदायिक और जातीय रंग देकर राजनैतिक लाभ लेने का षडयंत्र रचा था। तत्कालिन भाजपा अध्यक्ष अरूण साव घटना के बाद वहां जाकर पूरे घटनाक्रम को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किए और उसमें वे सफल भी रहे। अरूण साव जब घटनास्थल गए थे, तब उनके सामने आगजनी की गई थी। वे वहां पर भडक़ाउ भाषण दिए थे। 

इस मामले को लेकर भाजपा ने एक समाज को कांग्रेस के खिलाफ  भडक़ाने  का प्रयास किया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में भी पूरे प्रदेश में इस झगड़े को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी चुनावी सभा में दुर्भाग्यजनक घटना को धार्मिक और जातीय झगड़े से जोडक़र प्रस्तुत किया। भाजपा ने मृतक भुनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को टिकिट देकर सहानुभूति बटोरने की साजिश किया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने भाजपा पर आरोप लगाते कहा कि भाजपा फर्जी वोट करके, हत्याकांड, दंगा-फसाद कराकर, जनता के जनमत को किनारे कर, साम्प्रदायिकता बढ़ा रही है। सत्ता की चाह रख इस मामूली विवाद को साम्प्रदायिक बनाने का प्रयास किया गया। सीबीआई की जांच यह भी साफ हो गया कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने जो कार्रवाई की, घटना के लिए जिम्मेदार मानकर जिन लोगों की गिरफ्तारियां की वह सही थी।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि भाजपा के इस षडयंत्र का कांग्रेस को राजनैतिक रूप से नुकसान हुआ। सीबीआई की चार्जशीट के बाद तत्कालिन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने जरा भी नैतिकता हो तो अपने पद से त्यागपत्र देकर छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगे। प्रेसवार्ता में शहर कांग्रेस संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिन्टू, पीसीसी प्रवक्ता रूपेश दुबे, पंकज बांधव, उपाध्यक्ष विकास त्रिपाठी, मोहम्मद यहया, महामंत्री अमित चंद्रवंशी, विशु अजमानी सहित कांग्रेसजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट