राजनांदगांव
नपं अध्यक्ष ने सीएम-मंत्री का जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अक्टूबर। फंड के अभाव में नगर में रूकी निर्माण कार्यों की गति व विकास के पहिये अब घुमनें लगेंगे। छग शासन के नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी को अधोसंरचना मद से विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए दो करोड़ एक लाख रुपए के विकास राशि की मंजूरी दी है। नगर पंचायत अध्यक्ष एवं स्थानीय प्रशासन ने विकास राशि की सौगात देने सीएम व डिप्टी सीएम एवं नगरीय प्रशासन विकास मंत्री का आभार ज्ञापित किया है।
बीते 1 अक्टूबर को नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी को विभिन्न विकास कार्यों के लिए दो करोड़ एक लाख रुपए के विकास राशि की मंजूरी दी है। जिससे नगरवासियों में हर्ष व्याप्त है और निकाय से जुड़े जनप्रतिनिधियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। छग शासन द्वार नगर में विभिन्न विकास कार्यां के लिए दो करोड़ की सौगात देने पर नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी एवं नगर पंचायत प्रशासन व परिषद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन विकास विभाग के भारसाधक मंत्री अरूण साव का आभार ज्ञापित किया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कहा कि शासन से मिली विकास राशि का नगर में सदुपयोग होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य सभी के समन्वय सहमती से परिषद द्वारा कराए जाएंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अधोसरंचना मद से मिली राशि से नगर के प्रत्येक पार्षदों को उनके वार्ड में पांच-पांच लाख रुपए के सडक़, नाली निर्माण का प्रस्ताव लिया जाएगा। उसके बाद नगर में आवश्यक जरूरी कामो को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे। नगर अध्यक्ष ने कहा कि अधोसरंचना मद से वही कार्य कराए जाएंगे। जिसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।


