राजनांदगांव

रावण दहन में नयनाभिराम आतिशबाजी
03-Oct-2025 6:30 PM
रावण दहन में नयनाभिराम आतिशबाजी

शहर में आधा दर्जन जगहों पर रावण का पुतला दहन किया

दशहरा में म्युनिसिपल, स्टेट, कमला कॉलेज और गौरीनगर में देर रात तक कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व शहर में गुरुवार को पारंपरिक रावण दहन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शहर में आधा दर्जन प्रमुख स्थानों में विशालकाय रावण का पुतला दहन किया गया।

म्युनिसिपल हाईस्कूल और स्टेट हाईस्कूल में रावण दहन के बाद गीत-संगीत का कार्यक्रम सुनने और देखने के लिए लोगों का देर रात तक जमावड़ा रहा। म्युनिसिपल स्कूल प्रांगण में छत्तीसगढ़ जन महोत्सव समिति ने कार्यक्रम के उपलक्ष्य में देश के प्रख्यात सिंगर आसीस कौर को संगीतमय कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। कौर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। म्युनिसिपल हाईस्कूल में आधी रात तक श्रोता जमे रहे। इसी तरह स्टेट हाईस्कूल में भी राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति द्वारा सावन बैंड की प्रस्तुति दी गई।

इससे पहले म्युनिसिपल हाईस्कूल मैदान में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, सुरेश एच. लाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत,  संतोष अग्रवाल की मौजूदगी में रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने राम, लक्ष्मण व हनुमान को नमन कर पारंपरिक रूप से आरती किया। इसके बाद नयनाभिराम आतिशबाजी से कार्यक्रम का उत्साह दोगुना हो गया। जयश्री राम के नारे के साथ रावण दहन किया गया।

इसके बाद डॉ. सिंह ने रावण दहन के उद्देश्य को लेकर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते कहा कि अहंकार को नष्ट करने का यह पर्व हमेशा से प्रासंगिक रहा है। उन्होंने कहा कि रावण रूपी व्यवहार को त्यागकर  राम की तरह उदार होकर जीवन में आगे बढऩा होगा।  इस बीच कार्यक्रम में मौजूद अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। उधर कमला कॉलेज स्थित दिग्विजय दशहरा समिति ने भी रावण दहन कार्यक्रम को पारंपरिक रूप से संपन्न किया। हर साल की तरह कमला कॉलेज में भी विशालकाय रावण के पुतले का दहन कर बुराइ पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कमला कॉलेज में कटक की आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। समिति के अध्यक्ष रूबी गरचा की अगुवाई में हुए कार्यक्रम में भजन सुनकर भी श्रोता जमकर झूमे।

गौरीनगर में कौमी एकता दशहरा उत्सव समिति द्वारा रावण के पुतले को परंपरागत रूप से दहन किया गया। समिति के अध्यक्ष हफीज खान ने बताया कि धमतरी से आए कलाकारों ने आकर्षक आतिशबाजी से सबका मन मोह लिया। समिति की ओर से इस अवसर पर उत्कृष्ठ खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया।


अन्य पोस्ट