राजनांदगांव

यूपी में बस ट्रेलर से टकराई, 4 मौतें
16-Sep-2025 4:05 PM
यूपी में बस ट्रेलर से टकराई, 4 मौतें

मृतकों में नांदगांव की एक महिला, कांकेर के तीन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर।
रामलला दर्शन जाने के लिए निकली एक बस में सवार राजनांदगांव जिले की एक महिला तीर्थयात्री की बस के ट्रेलर से टकराने की घटना में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में कांकेर जिले के तीन तीर्थयात्री की भी मौत हुई है। वहीं घटना में आधा दर्जन से ज्यादा तीर्थयात्री घायल हुए है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस उत्तर प्रदेश के जौनपुर के पास गुजर रही थी। बस चालक की सामने से आ रही ट्रेलर पर नजर नहीं पड़ी। भिड़ंत में तीर्थयात्रियों की जान चली गई।

मिली जानकारी के मुताबिक अयोध्या स्थित रामलला का दर्शन करने जाने निकले यात्रियों में राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव के अमलीडीह की रहने वाली गुलाब बाई साहू भी सवार थी। सोमवार की रात को लगभग 3 बजे जौनपुर के सीहीपुर रेल्वे क्रॉसिंग  के पास हुआ। बस श्रद्धालुओं को लेकर जैसे ही आगे बढ़ रही थी, उस दौरान बस चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते यह हादसा हुआ। 

घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। वहीं घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का वाराणसी स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इधर 27 साल की अमलीडीह की गुलाब बाई साहू भी जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती हुई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। वह बस के रसोई टीम में शामिल थी। बताया जा रहा है कि मृतिका गुलाब बाई के साथ उसकी जेठानी गीता बाई साहू भी बस में सवार थी, लेकिन उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। महिला की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया है।

 

छत्तीसगढ़ से तीर्थयात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की बस के जौनपुर (उत्तर प्रदेश) में दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार प्राप्त हुआ हुआ।

चार श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार दुखद है। ईश्वर से हम सब उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं।

हम जौनपुर जिला कांग्रेस कमेटी के साथियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। 

जौनपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सचिव सत्यवीर सिंह सहित कांग्रेसजन घायलों के इलाज सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर रहे हैं।

हम सब कांग्रेसजन इस दुखद घड़ी में पीडि़त परिवारों के साथ हैं।


अन्य पोस्ट