राजनांदगांव

भाजपा कार्यकर्ता को जनता की सेवा को ही प्राथमिकता बनाना चाहिए - यशवंत
11-Sep-2025 5:07 PM
भाजपा कार्यकर्ता को जनता की सेवा को ही प्राथमिकता बनाना चाहिए - यशवंत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 सितंबर।
भाजपा कार्यालय में मंगलवार को भाजपा ने सेवा पखवाड़े की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी ने सेवा पखवाड़ा को लेकर रणनीति बनाई।
मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि सेवा ही संगठन का मंत्र है, जो भाजपा की असली पहचान है। सेवा पखवाड़े के दौरान जिलेभर में स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण पोषण, जागरूकता अभियान और जनजागरण रैलियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान, एक पेड़ मां के नाम, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, प्रबुद्धजन सम्मेलन, सांसद द्वारा खेलकूद प्रतियोगिता, लोकल फॉर वोकल को प्रोत्साहन देने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर भी कार्यक्रम का आयोजन होगा। श्री जैन ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि समाज की कमजोर कड़ी तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने महिला शक्ति और युवाओं को सेवा कार्य में आगे बढक़र कार्य करने का आह्वान किया। मिली जानकारी के अनुसार कार्यशाला में स्वागत प्रतिवेदन सेवा पखवाड़े के जिला संयोजक सौरभ कोठारी ने देते कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। जिसमें सभी 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक सभी कार्यकर्ता सेवा के इस महायज्ञ में जुट जाएं। उन्होंने मंडल स्तर पर सेवा पखवाड़े के तहत संयोजक से सहसंयोजक का आवाहन भी किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि हम बूथ स्तर पर सेवा के कार्यों को लेकर पहुंचेंगे और जनता के बीच विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान हमें अंत्योदय के सिद्धांत का पालन करते समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की योजना बनाई है, जिस पर कार्यकर्ता कार्य करेंगे तो जनता के बीच अच्छा संदेश जाएगा।

मुख्य वक्ता यशवंत जैन ने कहा कि कोई भी आयोजन दिखावे के लिए न की जाए क्योंकि जनता समझदार होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठी मोदी सरकार ने धारा 370 हटाकर भारत को एक नई ऊर्जा प्रदान की है और आज मोदी के 75 वें जन्मदिन पर हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि हम वृक्षारोपण अभियान चलाएं तो इस भाव के साथ चलाएं कि हम आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वायु देने यह आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो पेड़ लगाए थे उसका फल हम आज स्वच्छ वायु के रूप में ले रहे हैं, परंतु हमारे आने वाली पीढ़ी स्वच्छ वायु के लिए न तड़पे, इसलिए हमें वृक्षारोपण को गंभीरता से लेना होगा। कार्यशाला का संचालन महामंत्री रविंद्र वैष्णव और आभार प्रदर्शन हिरेंद्र साहू ने किया।

इस अवसर पर वरुण भास्कर गुप्ता ने संघ के शताब्दी वर्ष में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिसमें सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को शामिल होने का आह्वान भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, विनोद खांडेकर किरण वैष्णव, शशिकांत द्विवेदी, प्रकाश सांखला, शिव वर्मा, गोलू गुप्ता, सुमित भाटिया सहित सभी मंडल अध्यक्ष महामंत्री एवं पदाधिकारीगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट