राजनांदगांव

डबल मर्डर के 3 आरोपी गिरफ्तार
12-Jun-2025 8:25 PM
डबल मर्डर के 3 आरोपी गिरफ्तार

दो युवकों की हत्या के लिए हुई थी सौदेबाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 जून। डोंगरगढ़ पुलिस अनुविभाग के बोरतलाव और बाघनदी इलाके में पिछले दिनों दो अलग-अलग क्षेत्र से दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी के कहने पर दो अन्य आरोपियों ने सुपारी लेकर हत्या की थी। घटना एक पुरानी रंजिश से जुड़ी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों  खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह के सूरज सेन और सहसपुर दल्ली के आलोक वर्मा का शव पुलिस ने बाघनदी और बोरतलाव क्षेत्र के जंगल से बरामद किया था। अज्ञात स्थिति में दोनों के शव की पहचान करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम में हत्या होने की पुष्टि के आधार पर आरोपियों की खोजबीन शुरू की। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी खिलावन वर्मा का मृतक आलोक वर्मा से पुराना रंजिश था।

साल 2016-17 में मृतक आलोक वर्मा ने खिलावन वर्मा के भतीजे की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह जेल में था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी खिलावन वर्मा ने डोंगरगढ़ के अजहर और इकबाल नामक युवकों के साथ मिलकर दोनों की खैरागढ़ जिले के बोईरडीह में हत्या कर दी।  पुलिस ने जांच में पाया कि डोंगरगढ़ के युवकों ने खिलावन वर्मा से हत्या के लिए एक लाख रुपए का सौदा किया था।

पुलिस घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट