राजनांदगांव

सिलिकोसिस बीमारी से ग्रसित मजदूर को 3 लाख की सहायता
16-May-2025 8:50 PM
सिलिकोसिस बीमारी से ग्रसित मजदूर को 3 लाख की सहायता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई।
कारखानों, उद्योग और 10 व 10 से अधिक कर्मचारियों के नियोजन वाले संस्थानों में कार्यरत मजदूरों के लिए लगभग 14 कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
इसी संदर्भ में गत् दिनों रायपुर जिले के खरोरा विकासखंड के अंतर्गत जनपद पंचायत तिल्दा के ग्राम बिठिया में निवासरत श्रमिक प्रकाश टंडन को सिलिकोसिस बीमारी ने घेर लिया। श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा व मंडल के कमिशनर अजितेश पांडेय ने संवेदनशीलता दिखाते उक्त श्रमिक को सहायता प्रदान करने तत्काल उसका प्रकरण बनवाया और  इस बीमारी की योजना के अंतर्गत दी जाने वाली सहायता राशि तीन लाख रुपए की धन राशि का चेक रोग से ग्रसित मजदूर को मंडल अध्यक्ष श्री मिश्रा ने पंचायत भवन में सरपंच दुष्यंत साहू व अन्य पंचों की उपस्थिति में प्रदान किया।
 

श्री मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल मजदूरों के आर्थिक विकास के लिए कटिबद्ध है। स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक जरूरतों की पूर्ति के लिए विभाग द्वारा अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है और बड़ी संख्या में प्रदेश के मजदूर वर्ग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मंडल की योजनाओं का और अधिक विस्तार होगा तथा प्रत्येक मजदूरों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रकाश टंडन को शुभकामनाएं देते कहा कि ईश्वर उन्हें दीर्घायु रखे, उन्हें इस बीमारी से लडऩे की क्षमता प्रदान करे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी, मंडल के कर्मचारी विवेक दुबे, किसरोद राउत, दुष्यन्त साहू, नरेंद्र सिन्हा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट