राजनांदगांव

समस्याओं के निराकरण की जगह सिर्फ दिया जा रहा आश्वासन - महेन्द्र
13-May-2025 5:55 PM
समस्याओं के निराकरण की जगह सिर्फ दिया जा रहा आश्वासन - महेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मई।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार को जनता जनार्दन के साथ एक ढकोसला बताते कहा कि चुनाव पूर्व भाजपा द्वारा किए  गए झूठे वायदों एवं जनसमस्याओं के निराकरण के लिए पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार मनाया जा रहा है।  

इस तिहार में ग्रामीण जनता को भ्रमित कर जनपद पंचायत और राजस्व विभाग के अधिकारीगण बुला रहे है। समस्याओं के निराकरण की जगह पर सिर्फ  आश्वासन दिया जा रहा है। समस्याओं के निराकरण करने में अधिकारी और भाजपा नेताओं की दिलचस्पी दिखाई नहीं दे रही है, सिर्फ अपना स्वागत और झूठी तारीफ करवाकर मुख्यमंत्री का यशोगान अधिकारी कर रहे हैं।

श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सरपंचों को मंच से दरकिनार किया जा रहे उनके गांव की समस्याओं को दरकिनार किया जा रहा है, जहां-जहां भाजपा समर्थित सरपंच जीते हैं, उन्हीं बड़े गांवों में शिविर का आयोजन कर आसपास के लगभग 12 गांव के ग्रामीणों को समस्याओं के तत्काल निराकरण करने आमंत्रित किया जा रहा है।  कांग्रेसी वरिष्ठ नेताओं को सूचना भी नहीं दी जा रही है ऐसा मनमानी और तानाशाही कर सुशासन तिहार के नाम पर अपनी ढपली अपना राग की कहावत को भाजपा सरकार चरितार्थ कर रही है। ये भाजपा सरकार जनता जनार्दन की गाढ़ी कमाई को सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए खर्च कर धनराशि का अपव्यय कर रही है। अधिकारी शिविर के नाम पर भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार कर रहे है, लाखों की संख्या में समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदनों का आना सरकार के अधिकारियों और राज्य सरकार की उदासीनता और अकर्मण्यता को प्रदर्शित करता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

श्री यादव ने कहा कि राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण सहित भाजपा नेताओं द्वारा गांव-गांव में शिविर में जाकर विकास कार्यों का फर्जी घोषणा कर अपनी वाहवाही लूटने में मदमस्त है। जनता जनार्दन के सुविधा के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं सहित मनरेगा कार्य, निराश्रित, आवास निर्माण, पानी हेतु बोर खनन, जीर्ण-शीर्ण  सडक़ों का नव निर्माण, ग्रामीण खिलाडिय़ों के लिए स्टेडियम निर्माण, ग्रामीण शिक्षित युवाओं और युवतियों के लिए रोजगार उपलब्ध करने सहित सभी महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिले, पशुओं के लिए चारागाह निर्माण, पुराने तालाबों का सौंदर्यीकरण और गहरीकरण करने जैसे ज्वलंत समस्याओं का निराकरण की बात नहीं कर सिर्फ भाजपा के मुख्यमंत्री और नेताओं को महिमा मंडित करने में शासन के अधिकारी लगे हुए है, भाजपा नेताओं को महिमामंडित करने वाले अधिकारी और कर्मचारी इस बात का विशेष ध्यान रखे कि सरकार आती और जाती रहती है/सरकार द्वारा चलाए जा रहे ढकोसला पूर्ण सुशासन तिहार पूरी तरह असफल है।


अन्य पोस्ट