राजनांदगांव

महिला महामंत्री बनाने भाजपा कर रही विचार
22-Apr-2025 2:13 PM
महिला महामंत्री बनाने भाजपा कर रही विचार

नांदगांव भाजपा में महिला नेतृत्व को पावरफुल बनाने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अप्रैल।
राजनांदगांव जिला भाजपा में सब कुछ ठीक ठाक रहा तो जल्द ही संगठन को एक महिला महामंत्री मिल सकती है। पार्टी के भीतर महिला को महामंत्री पद पर नियुक्त करने पर गंभीरतापूर्वक विचार हो रहा है। 

नए जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत की नियुक्ति के साथ प्रदेश नेतृत्व ने  सौरभ कोठारी को महामंत्री पद दिया। भाजपा में अध्यक्ष समेत दो महामंत्री बनाने का प्रावधान है। यह पहला मौका भी था, जब जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा के साथ सीधे महामंत्री भी नियुक्त किया गया। अब संगठन में महिला कार्यकर्ताओं को प्रमोट करने पर चर्चा चल रही है। इसके पीछे महिला नेतृत्व को सांगठनिक रूप से सक्षम बनाने की रणनीति है।

 

बताया जा रहा है कि राजनांदगांव जिले के अलावा दूसरे जिलों में भी महिला वर्ग को महामंत्री जैसे अहम पद पर काम करने का मौका देने पर भी संगठन में विचार-विमर्श चल रहा है। राजनांदगांव जिला भाजपा में अब तक महामंत्री के पद पर किसी भी महिला को काम करने का मौका नहीं मिला है। हालांकि भाजपा   महामंत्री की जिम्मेदारी को  लेकर काफी गंभीर है। दरअसल, संगठन 33 फीसदी आरक्षण के तहत महिलाओं को सांगठनिक कामकाज के लिए आगे बढ़ाने की पक्षधर है। भाजपा में कई महिलाएं पार्टी के हर कार्यक्रमों और आयोजनों में बढ़-चढक़र भागीदारी निभा रही हंै। यह  भी चर्चा है कि कुछ महिलाओं ने महामंत्री बनाने के लिए खुद को काबिल बताया है। संगठन ऐसे महिला नेत्रियों की राजनीतिक  पृष्ठभूमि और उनके कार्यशैली को लेकर भी एक डाटा तैयार कर रहा है। 

बहरहाल, नांदगांव भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से उपकृत करने के इरादे से महामंत्री के पद पर नियुक्त करने पर जोर दे रही है।


अन्य पोस्ट