राजनांदगांव

हमें मर्यादा में रहना सिखाती है श्रीराम कथा - विक्रांत
14-Apr-2025 1:55 PM
हमें मर्यादा में रहना सिखाती है श्रीराम कथा - विक्रांत

भगवान का स्मरण सभी कष्टों का समाधान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 अप्रैल।
खैरागढ़ जिले के ग्राम बिडौरी में श्रीराम कथा का आयोजन किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। उन्होंने आयोजन में शामिल होकर रामायण पुराण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। साथ ही कथावाचक को श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। 

इस अवसर पर आयोजक समिति ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। जिपं उपाध्यक्ष श्री सिंह ने जनमानस को संबोधित करते कहा कि श्रीराम कथा हमें मर्यादा में रहना सिखाती है। भगवान राम का जीवन हमारे समाज के लिए एक आदर्श है। श्रीराम के जीवन के हर पहलू से एक नई सीख मिलती है। उनका जीवन हमारा सही मार्गदर्शन करता है। भगवान श्रीराम ने न केवल एक शिष्य के रूप में, बल्कि एक पुत्र के रूप में, एक भाई के रूप में तथा एक राजा के रूप में समस्त मानव जाति का मार्गदर्शन किया है। जीवन में आने वाली परेशानियों एवं कष्टों के निवारण के लिए सच्ची श्रद्धा के साथ भगवान का स्मरण करें और विद्वान एवं सिद्ध संत महात्माओं के दिखाए सत्य मार्ग का अनुशरण करें।  इस दौरान पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, दुलेश्वर साहू, आशीष सिंह, रज्जु साहू, राजेन्द्र क्षत्री, लेखराम निषाद सहित ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट