राजनांदगांव

अर्जुन यादव रहे मैन ऑफ द मैच
राजनांदगांव, 5 अप्रैल। झांसी (उत्तरप्रदेश) में 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरूष राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता प्रारंभ हुई। इसमें राज्य की हॉकी टीम भी भाग ले रही है। उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने राज्य की टीम 3 अप्रैल को झांसी पहुंच चुकी है। प्रतियोगिता में भाग लेने के पूर्व टीम का प्रशिक्षण शिविर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में आयोजित किया गया। जिसमें 28 हॉकी खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था।
प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम 18 खिलाडिय़ों का चयन किया गया। जिसमें रोहित रजक, अभिजीत श्रीवास, मानव मेडडपा, चंद्रशेखर यादव, विष्णु यादव, अजय तांडी, आरोन सरोज, बोपन्ना, समीर अली, गुलशन कुमार, खुशाल यादव, अर्जुन यादव, कार्तिक यादव, आदित्य नेताम, आदित्य मेश्राम, सोनू निषाद, गणेश यादव, शैलेन्द्र वर्मा, कोच मृणाल चौबे व शकील अहमद तथा दीपेश चौबे सहायक कोच के रूप में शामिल हैं। प्रतियोगिता के तहत सुबह 10.30 बजे छत्तीसगढ़ हॉकी टीम का पहला मैच हॉकी गुजरात से हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ हॉकी टीम ने गुजरात को 10-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में विजय शुरूआत की। गुजरात टीम के विरुद्ध खेले गए मैच में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते मैच में सोनू निषाद ने 2 गोल, अर्जुन यादव ने 2 गोल, बोप्पन्न ने 2 गोल, शैलेन्द्र वर्मा ने 2 गोल व कार्तिक यादव तथा गणेश यादव ने 1-1 गोल किए। टीम में उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार छत्तीसगढ़ हॉकी के जर्सी क्रमांक 05 अर्जुन यादव को प्रदान किया गया। टीम की इस विजयी श्ुरूआत पर छत्तीसगढ़ हॉकी के सदस्यों ने शुभकामनाएं दी।