राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अप्रैल। यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना से बचाव के लिए पदयात्रियों के पीछे बैग में रेडियम लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 30 मार्च से 6 अप्रैल तक चैत्र नवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंच रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुलदेव शर्मा के मार्गदर्शन में पदयात्रियों की दुर्घटनाओं से बचाव के लिए पदयात्री मार्ग में ड्यूटी पर तैनात पुलिस द्वारा पदयात्रियों के पीछे बैग में रेडियम लगाया जा रहा है, जो वाहनों की रोशनी पड़ते ही चमकते हैं एवं पदयात्री को आसानी से देखा जा सकता है। जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होती है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग में श्रद्धालु पदयात्रियों के लिए अंजोरा बायपास से ठाकुरटोला टोल प्लाजा तक रायपुर-नागपुर मार्ग एवं ठाकुरटोला टोल प्लाजा से रामदरबार तक नागपुर-रायपुर मार्ग पदयात्रियों के लिए आरक्षित है। इस पूरे मार्ग में लगे पुलिस बल द्वारा सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक चलाया जा रहा है।
दुपहिया वाहन को छोडक़र शेष सभी वाहनों को डायवर्सन कर वन-वे किया गया है। यातायात पुलिस की आमजन से अपील है कि नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर रहे हैं। अपने वाहन तेज गति से न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, दुर्घटनाओं से बचे।