राजनांदगांव

28 से राज्य में प्रदर्शन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन गुरुवार को भी जिला स्तर पर प्रदर्शन किया।
वहीं कल 28 मार्च को राज्य से धरना प्रदर्शन किया जाएगा। पहले दिन बुधवार को जिला मुख्यालय में मनरेगा कर्मियों ने धरना प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। मनरेगा कर्मियों के हड़ताल से गांव-गांव में कामकाज भी प्रभावित हुआ। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। जिलेभर में पहुंचे मनरेगा कर्मचारी शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारियों का कहना है कि छत्तीसढ़ राज्य में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत कार्यरत अधिकारी और कर्मचारियों तथा ग्राम रोजगार सहायक विगत 19 वर्षों से निरंतर कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2023 में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश में सरकार बनने के बाद समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से लगातार 15 माह से मनरेगा कर्मियों द्वारा निरंतर नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर शासन का ध्यन आकर्षित कराया जा रहा है। इसके बाद भी आज पर्यंत तक उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया है।
छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले 33 जिलों मं मनरेगा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 26 और 27 मार्च को जिला स्तर पर और कल 28 मार्च को राज्य में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।