राजनांदगांव

विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर फाईलों का किया अवलोकन, निगम की माली हालत की ली जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च। महापौर मधुसूदन यादव ने सोमवार को विधिवत रूप से कुर्सी सम्हाल ली। बतौर महापौर श्री यादव शपथ ग्रहण करने के बाद आज अपने कक्ष में पहुंचे।
8 मार्च को यादव और नवनिर्वाचित पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया था। मेयर की कुर्सी में काबिज होने के बाद यादव ने निगम की कुछ महत्वपूर्ण फाइलों में दस्तखत भी किए, वहीं उन्होंने निगम की माली स्थिति को लेकर भी अफसरों से चर्चा की।
महापौर ने पेयजल संकट को दुरूस्त करने के लिए भी अफसरों को निर्देशित किया। महापौर यादव ने रविवार को मटियामोती जलाशय का भी अवलोकन किया था। यादव ने विधिवत रूप से प्रभार सम्हालने से पूर्व पूजा-अर्चना की।
ज्ञात हो कि बतौर महापौर यादव तीसरी बार कुर्सी में काबिज हुए हैं। पहली बार वह 6 माह के लिए शासन द्वारा महापौर नियुक्ति किए गए थे। बाद में वह 2015 से 2020 के मध्य 5 साल निर्वाचित महापौर रहे। पांच साल के अंतराल के बाद वह 2025 में भारी मतों से विजयी होकर महापौर निर्वाचित हुए हैं।
बताया जा रहा है कि महापौर ने वेतन संबंधी विषयों पर भी अपने मातहत अफसरों से जानकारी ली। नगर निगम में वेतन को लेकर कर्मियों और अफसरों को हर माह इंतजार करना पड़ता है। यादव ने राजस्व वसूली और राज्य सरकार से मिलने वाली चुंगीपूर्ति राशि को लेकर भी आवश्यक जानकारी ली।
इस दौरान निगम अध्यक्ष पारस वर्मा, पार्षद सुनील साहू, सावन वर्मा, भाजपा नेता राजेन्द्र जैन बंटू, जनसंपर्क अधिकारी देवेन्द्र सोनी समेत अन्य लोग शामिल थे।