राजनांदगांव

रंगों की बौछार के साथ उड़े गुलाल
16-Mar-2025 4:15 PM
रंगों की बौछार के साथ उड़े गुलाल

होली की मस्ती में डूबे रहे लोग

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मार्च। 
रंगों के त्यौहार ‘होली’ में दो दिनों तक शहर के गली-मोहल्लों में रंगों की बौछार के साथ गुलाल उड़ा। एक ओर जहां परपंरागत गुलाल के ‘टीके’ के साथ बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया गया। वहीं युवकों की टोली से धमाचौकड़ी रही।

 गुरुवार की रात होलिका दहन के बाद शुक्रवार को पूरे दिन रंग में लोग सरोबार रहे। शहर के रिहायशी क्षेत्रों में दिनभर होली के उन्माद में लोग डूबे रहे, वहीं मोहल्लों में भी महिलाओं ने भी रंग खेलने में मस्त रहे। गलियों और शहर के चौराहों पर युवाओं ने डीजे की धुन पर पर्व का उत्साह दोगुना कर दिया। वहीं बच्चों ने भी त्यौहार का लुत्फ उठाने के लिए पिचकारियों से लोगों पर रंग फेंका। शहर में दिनभर युवाओं ने मस्ती करते रंग और गुलाल उड़ाए। होली पर्व की खुशी में युवतियां भी पीछे नहीं थी। युवतियों ने आपस में सहेलियों के साथ चेहरों को रंग में बदल दिया।

होली पर्व को मनाने के लिए हर वर्ग दो दिनों से मस्ती में नजर आया। इसके बाद अब धीरे-धीरे त्यौहारी मिजाज बदलने लगा है। हालांकि अब भी श्रमिक वर्ग में त्यौहार का असर कायम है। यही कारण है कि कुछ इलाकों में रंग की मामूली बौछारें दिखाई दे रही है। इस बीच शहर में पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण कहीं भी उपद्रवी टिक नहीं पाएं। बताया जाता है कि होली पर्व पर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्तर पर मुस्तैद थी। उधर शहर में होली पर्व पर शोभायात्रा भी निकाली गई। जिसमें भक्तों ने भगवान राधा-कृष्ण के साथ होली खेली। 
शोभायात्रा में सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, कोमल सिंह राजपूत, नीलू शर्मा, शिव वर्मा, शैंकी बग्गा, राजा माखीजा, अशोक लोहिया, राजेश अग्रवाल, राजू डागा, विजय राय समेत शोभायात्रा के आयोजन समिति के पदाधिकारी व आम लोग भी शामिल होकर रंग-गुलाल खेलते नजर आए। 

शांतिपूर्वक होली मनाने के लिए जिला प्रशासन एवं राजनांदगांव पुलिस का इस बार सख्त पहरा रहा। त्यौहार के मौके पर पुलिस ने उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों के इस बार शहर के अलावा समूचे जिले में भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। अमन पसंद लोगों के बीच उत्पात मचाने वालों पर पुलिस सीधे कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बताया जाता है कि त्यौहार से पहले पुलिस ने पूरे जिले के आदतन अपराधियों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने शहरभर में जगह-जगह पर वाहनों की जांच-पड़ताल प्वाइंट बनाए थे।
 


अन्य पोस्ट