राजनांदगांव

समूह की महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों के लगाए स्टॉल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ग्राम बरगा में ‘‘विकास के वादे के लिए आगे बढ़े’’ थीम पर समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि महिला दिवस सभी के लिए है। अब महिलाओं के प्रति सोच एवं विचारों में सामाजिक परिवर्तन आया है। महिलाओं के आगे बढऩे के लिए पुरूषों का सहयोग मिलता है। महिलाएं एक अच्छी प्रबंधक होती है और घर एवं बाहर की जिम्मेदारी दोनों ही बेहतर तरीके से संभाल रही है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि कभी भी अपने प्रति किसी भी तरह का संदेह नहीं रखें और स्वयं पर आत्मविश्वास बनाएं रखें। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट उन्नति के तहत यहां प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद स्वरोजगार की ओर आगे बढ़ें तथा एक सफल महिला उद्यमी बनें। उन्होंने समूह की महिलाओं से कहा कि अपने अनुभव अन्य महिलाओं से साझा करें। उन्होंने कहा कि हम सभी महिलाएं एक और एक ग्यारह होते हैं।
जनप्रतिनिधि सरिता मंडावी ने कहा कि महिला दिवस नारी शक्ति को समर्पित है। सभी दीदी शिक्षित हंै और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। संयुक्त संचालक जनसंपर्क डॉ. उषा किरण बड़ाईक ने कहा कि महिलाएं एक बेहतरीन प्रबंधक होती है। वे घर एवं बाहर दोनों तरह की जिम्मेदारी का निर्वहन करती है। उपायुक्त सहकारी संस्थाएं शिल्पा अग्रवाल ने कहा कि हम सब बराबर है और हमें मिलकर अच्छा कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए घर में निर्णय लेने तथा प्रबंधन जरूरी है। बच्चों के पालन पोषण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम होना चाहिए। उप निरीक्षक पुलिस गीतांजलि सिन्हा ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए है, ताकि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया जा सके।
परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास शिल्पा तिवारी ने कहा कि महिलाएं अपने लिए समय निकालें और स्वयं के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। लीड बैंक से निशा गजभिये ने कहा कि बालिकाओं को मजबूत बनाना और बढ़ाना बहुत जरूरी है, जिससे वे आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ाएंगे।
जिला विपणन अधिकारी हीना खान ने सभी को महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के अंत में लीड बैंक मैनेजर मुनीश शर्मा ने आभार व्यक्त किया तथा महिला विकास के कार्यों में तेजी लाने की बात कही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं उपस्थित रहे।