राजनांदगांव

छुरिया नपं चुनाव में निर्दलीय और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मार्च। छुरिया नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी के फैसले के खिलाफ जाकर निर्दलीय और अंदरूनी तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल रहे नेताओं को संगठन ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पार्टी के अधिकृत अध्यक्ष और पार्षद पद के प्रत्याशियों को हराने के आरोप में प्रदेश नेतृत्व से शिकायत हुई थी। शिकायत को सही मानते प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने 8 लोगों को निष्कासित कर दिया है
एक जानकारी के मुताबिक पार्टी ने भोजवानी साहू, सलमान खान, सादिक मेमन, आसिफ खान, अनिल लारोकर, रेणुका साहू, ताहिर खान (रोमी) और नारद उईके को अगले 6 वर्ष के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है। इन सभी पर अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने का आरोप है।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रितेश जैन से लेकर अन्य पराजित पार्षदों ने संगठन से उपरोक्त नेताओं की खुलकर शिकायत की थी। संगठन के इस कार्रवाई से खलबली मच गई।
भाजपा ने एकांत को दिखाया बाहर का रास्ता
इसी तरह भाजपा ने भी पार्टी के खिलाफ कार्य करने और बागी चुनाव लडऩे वालों के खिलाफ निलंबन और निष्कासन की कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत की सहमति से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह ने भाजपा त्रि-स्तरीय चुनाव में छुरिया जनपद पंचायत अध्यक्ष पद के विरूद्ध बागी होकर चुनाव लडऩे वाले एकांत चंद्राकर को 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित करने का आदेश प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा ने जारी कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और महामंत्री सौरभ कोठारी ने कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाती है, इसलिए पार्टी के खिलाफ कार्य करने और बागी चुनाव लडऩे वालों के खिलाफ निलंबन और निष्कासन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।