राजनांदगांव
महापौर यादव के हाथों खिलाड़ी पुरस्कृत, विजेता, उपविजेता व तृतीय टीम को चेकभेंट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में भारत सरकार के सांई सेंटर व हॉकी इंडिया द्वारा संचालित व छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा आयोजित अस्मिता हॉकी स्टेट लीग के फाइनल मुकाबले में बिलासपुर की बालिका टीम ने राजनांदगांव हॉकी को 6-4 गोल से संघर्षपूर्ण मुकाबले में पराजित करते स्वर्ण पदक के साथ विजेता बनी।
राजनांदगांव रजत पदक के साथ उपविजेता व तीसरे स्थान पर जगदलपुर हॉकी ने कांस्य पदक जीता। चौथे स्थान पर स्पोर्ट्स अकादमी रायपुर की टीम रही। प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह महापौर मधुसूदन यादव के मुख्य आतिथ्य में अप्रिता मोहन सिन्हा, खेमलाल वर्मा, सौमित मौर्या, फिरोज अंसारी, रमेश डाकलिया, कुतबुद्दीन सोलंकी, मृणाल चौबे, छोटेलाल रामटेके, तथागत पांडे के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
पुरस्कार वितरण करते महापौर श्री यादव ने कहा कि राजनंादगांव में फाउंडेशन जो हमारी सरकार ने ही खड़ा किया है, तो उसे संवारेंगे भी हम ही। उन्होंने बताया कि खेल के क्षेत्र में जो भी संभव मदद करेंगे, खेल के विकास के लिए जो भी कार्य हो, चाहे फ्लड लाईट की व्यवस्था या हॉकी स्टेडियम के टर्फ बदलने की बात हो। उन्होंने कहा कि हॉल ही में खेलो इंडिया से बात हुई है कि हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ को बदलने का जो प्रस्ताव है, वह राज्य सरकार ने अपने बजट में लिया है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण, हॉकी इंडिया एवं छत्तीसगढ़ हॉकी के संयुक्त तत्वावधान में छत्तीसगढ़ में महिला हॉकी खेल का बढ़ावा देने के उद्देश्य से अस्मिता हॉकी स्टेट लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 9 लाख 60 हजार रुपए की नगद राशि विजेता, उप विजेता एवं तीसरे स्थान रहने वाले टीमों को पुरसकार स्वरूप दिया गया। अस्मिता हॉकी स्टेट लीग का आयोजन देश के चुनिंदा आठ राज्यों में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
फाइनल में बिलासपुर ने नांदगांव को हराया
हॉकी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए बिलासपुर और राजनांदगांव के मध्य खेला गया फाइनल मैच संघर्षपूर्ण रहा। इसमें बिलासपुर ने राजनांदगांव को 6-4 गोल से पराजित किया। मैच के प्रारंभ से ही बिलासपुर ने राजनंादगांव पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और पहले ही मिनट में रिया खलखो ने मैदानी गोल किया।
मैच के 7वें मिनट में दामिनी खुसरो, 15वें मिनट में प्रियंका तिलगम, 19वें और 27वें मिनट में रिया खलखो और मधु सिदान ने गोल किया था। वहीं राजनांदगांव की ओर से श्यामली राय और नैना सोनकर ने 1-1 गोल और दुबी रावत ने 2 गोल किया था। हॉकी बिलासपुर ने 6-4 गोल से पराजित कर फाइनल का खिताब अपने नाम किया। तीसरे व चौथे स्थान के लिए हॉकी जगदलपुर ने स्पोटर्स अकादमी रायपुर को कड़े मुकाबले में 2-1 गोल से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह का संचालन रणविजय प्रताप सिंह व आभार प्रदर्शन शिवनारायण धकेता ने किया।


