राजनांदगांव
8 कांग्रेस पार्षद जल्द चुनेंगे अपना नया नेता
‘छत्तीसगढ़’संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी। राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस नए नेता प्रतिपक्ष का चुनाव जल्द कर सकती है। हाल ही में आए चुनावी परिणाम में कांग्रेस के महज 8 पार्षद निगम के सदन में पहुंचे हैं। यह अब तक का कांग्रेस का सबसे लचर प्रदर्शन रहा है।
नेता प्रतिपक्ष के लिए हफीज खान प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। खान निगम की सियासत में काफी अनुभव रखते हैं। साल 2010 से 2015 के कार्यकाल में हफीज निगम अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा वह 2 बार नेता प्रतिपक्ष के तौर पर निगम में सत्तापक्ष के खिलाफ आवाज उठाने में पीछे नहीं रहे। इस बार उनका दावा इसलिए भी मजबूत है, वह बतौर पार्षद 5वीं जीत के साथ निगम पहुंचे हैं।
इधर, निगम अध्यक्ष की दौड़ में संतोष पिल्ले भी एक दावेदार माने जा रहे हैं। पिल्ले भी लगातार पार्षद निर्वाचित होकर निगम में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।
बहरहाल, दोनों का दावा काफी मजबूत है। बताया जा रहा है कि जल्द ही नेता प्रतिपक्ष के चयन की प्रक्रिया के लिए तारीख का ऐलान होगा।


