राजनांदगांव
विजेता को 2 लाख, उप विजेता को 1.60 लाख व तीसरे स्थान की टीम 1.20 लाख से पुरस्कृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी। अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में भारत सरकार के सांई सेंटर व हॉकी इंडिया द्वारा संचालित व छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा आयोजित अस्मिता हॉकी स्टेट लीग के फाइनल मुकाबले में बिलासपुर की बालिका टीम ने राजनांदगांव हॉकी को 5-2 गोल से आसानी से पराजित करते स्वर्ण पदक के साथ विजेता बनी। राजनांदगांव रजत पदक के साथ उप विजेता व तीसरे स्थान पर रायपुर हॉकी ने कांस्य पदक जीता। चौथा स्थान कबीरधाम की टीम रही।
प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह सांई के डिप्टी डायरेक्टर जरनल मंयक श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के आतिथ्य एवं हॉकी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, सांई सेटर के इंचार्ज केसी त्रिपाठी, मृणाल चौबे के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
फाइनल में बिलासपुर ने नांदगांव को हराया
हॉकी स्टेडियम में शनिवार को बिलासपुर और राजनंादगांव के मध्य खेला गया फाइनल मैच एकतरफा रहा। इसमें बिलासपुर ने राजनांदगांव को 5-2 गोल से पराजित किया। मैच के प्ररांभ से ही बिलासपुर ने राजनांदगांव पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और 16वें मिनट में मधु ने मैदानी गोल किया, लेकिन 17वें मिनट में राजनांदगांव की शीतल ने गोल कर मैच 1-1 गोल की बराबरी पर ला दिया था। बिलासपुर ने मैच के 22वें मिनट में रिया ने व 44वें में भुमिका के गोल से बिलासपुर 3-1 गोल से आगे थी। 48वें मिनट राजनांदगांव की आराधना ने गोल कर अपनी टीम के अंतर को 3-2 स्कोर पर ला दिया था, लेकिन बिलासपुर की ओर से 49वें मिनट में मधु ने व 56वें मिनट में वैश्नवी ने गोल कर बिलासपुर को 5-2 गोल से निर्णायक बढ़त दिलाते विजेता बनी। तीसरे व चौथे स्थान के लिए स्पोटर्स अकादमी रायपुर ने हॉकी कबीरधाम को कड़े मुकाबले में 3-2 गोलसे पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। रायपुर की ओर से नंदिता, हार्षिता और कप्तान नम्रता ने गोल किया। वहीं कबीरधाम की ओर से यशोदा व रूखमणी ने गोल किया।
अस्मिता हॉकी स्टेट लीग का पुरस्कार वितरण करते डिप्टी डायरेक्टर जरनल सांई दिल्ली ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाडियों ने खेल की कला को समृद्ध किया है। कोच भी अच्छे प्रशिक्षण दे रहे हैं, यह टूर्नामेट भारत सरकार की ओर से बालिकाओं के खेल कौशल के परिपूर्ण करने के उद्देश्य से अस्मिता हॉकी स्टेट लीग के नाम से आयोजित किया गया है। जिसमें सरकार अपने उद्देश्य में सफल भी हो रही है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में अपनी प्रतिभाओं को दिखाने में मौका मिलता है। आयोजन समिति के सचिव व छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। आभार प्रदर्शन छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने किया। अतिथियों को आयोजन समिति की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।


