राजनांदगांव

जिपं चुनाव में भाजपा का दबदबा, खैरागढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी देवव्रत की बेटी जीतीं
21-Feb-2025 2:57 PM
जिपं चुनाव में भाजपा का दबदबा, खैरागढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी देवव्रत की बेटी जीतीं

मोहला-मानपुर नम्रता-भोजेश और नांदगांव में किरण वैष्णव विजयी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 फरवरी।
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के परिणाम में राजनंादगांव, खैरागढ़ और मोहला मानपुर में भाजपा का वर्चस्व दिख रहा है। तीनों जिलों में आए नतीजों में कांग्रेस की तुलना में भाजपा का प्रदर्शन बेेहतर रहा। कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। राजनांदगांव जिले में भाजपा बढ़त में है। अब तक आए चुनावी परिणाम में 6 सीटों में भाजपा ने कब्जा किया है। छुरिया क्षेत्र के गैंदाटोला क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरी जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री रविन्द्र वैष्णव की पत्नी किरण वैष्णव ने बाजी मार ली। श्रीमती वैष्णव ने नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा को शिकस्त दी है। 

इसी तरह खैरागढ़ में जालबांधा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरी दिवंगत पूर्व विधायक देवव्रत सिंह की सुपुत्री शताक्षी सिंह ने जीत हासिल की है। शताक्षी को कांग्रेस ने अधिकृत नहीं किया था। जबकि उन्होंने पार्टी से अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लडऩे के लिए आवेदन दिया था। गुटबाजी के चलते उनकी जगह दशमत जंघेल को उम्मीदवार बनाया गया। दशमत जंघेल को शताक्षी सिंह शिकस्त देने में कामयाब रही। इसी तरह मोहला-मानपुर भाजपा की जिलाध्यक्ष नम्रता सिंह ने अच्छे अंतरों से कांग्रेस उम्मीदवार शकुंतला नेताम को मात दी है। बताया जा रहा है कि नम्रता ने 8600 मतों से श्रीमती नेताम को पराजित किया। अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर इस जीत के साथ नम्रता का दावा मजबूत हो गया। मोहला-मानपुर के आखिरी छोर औंधी क्षेत्र से विजयी हुए भाजपा के भोजेश शाह मंडावी ने भी जीत का परचम लहराया। बहरहाल तीनों जिलों में बढ़त के साथ भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा करने आगे बढ़ रही है।


अन्य पोस्ट