राजनांदगांव

पंचायत चुनाव : नांदगांव में जिपं सदस्य बनने 68 ने भरा नामांकन
04-Feb-2025 3:48 PM
पंचायत चुनाव : नांदगांव में जिपं  सदस्य बनने 68 ने भरा नामांकन

खैरागढ़ और मोहला-मानपुर में भी 60-60 ने भरे पर्चे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी।
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को आखिरी दिन नामांकन भरने के लिए ग्रामीण राजनीति से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं का जिला पंचायत में हुजूम उमड़ पड़ा। वहीं जनपदों में सदस्य और सरपंच के लिए चुनाव लडऩे इच्छुक दावेदारों की भीड़ रही।  राजनांदगांव जिले में 13 जिला पंचायत क्षेत्र हंै। मोहला-मानपुर और खैरागढ़ में भी 10-10 जिपं क्षेत्र के लिए घमासान नामांकन के जरिये दिखाई दिया। 

राजनांदगांव जिला पंचायत में 68 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा और कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी तारीख से एक दिन पहले अधिकृत सूची जारी कर दी है। कांग्रेस में कुछ क्षेत्रों के लिए प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। विशेषकर जिला पंचायत क्षेत्र 07 नंबर सीट पर मौजूदा सदस्य महेन्द्र यादव को टिकट नहीं दिए जाने के खिलाफ विधायक दलेश्वर साहू अड़ गए हैं। ऐसे में इस क्षेत्र को कांग्रेसमुक्त घोषित कर सकती है। यानी कोई भी इस सीट से मुकाबला कर सकता है। 

बताया जा रहा है कि क्षेत्र 03 में भी कांग्रेस में काफी मारामारी की स्थिति है। कांग्रेस ने जिला भाजपा अध्यक्ष भागवत दास साहू को अधिकृत किया है। ऐसे में कांग्रेस में बगावत की भी आशंका दिख रही है। इस बीच 4 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 

कल 5 और 6 फरवरी को नाम वापसी के लिए तिथि निर्धारित की गई है। इसके फौरन बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे। नामांकन के आखिरी दिन जिला पंचायत और जनपदों में उम्मीदवारों ने जमकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। ट्रैक्टर व अन्य वाहनों से ग्रामीण अपने पसंदीदा अभ्यर्थियों के साथ पहुंचे।

खैरागढ़ जिले में भी काफी घमासान दिखाई दे रहा है। दस सीट के लिए 63 उम्मीदवारों ने फार्म जमा किया है। मोहला-मानपुर जिले में भी इतनी ही संख्या में जिला पंचायत सदस्य बनने के लिए होड़ मची हुई है। 

मोहला-मानपुर की हाल ही में भाजपा की जिलाध्यक्ष नियुक्त हुई नम्रता सिंह भी चुनाव मैदान में है। इसके अलावा भाजपा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके भोजेश शाह मंडावी भी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस ने कविता राणा को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है।  मोहला-मानपुर जिले से एक और कांग्रेस के कद्दावर नेता रमेश खंडेलवाल बांधाबाजार क्षेत्र क्र. 3 से उम्मीदवार बनाए गए हैं। इस तरह राजनांदगांव-मोहला-मानपुर और खैरागढ़ जिले में घमासान नजर आ रहा है। 
 


अन्य पोस्ट