राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जनवरी। छत्तीसगढ़ के पटरी पार क्षेत्र के हॉकी खिलाडिय़ों ने छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी के नेतृत्व में रूद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी के मार्गदर्शक अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी व कोच मृणाल चौबे के साथ छत्तीसगढ़ के खेलकूद एवं युवा कल्याण, राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री टंकाराम वर्मा से मुलाकात की।
हॉकी अध्यक्ष श्री अंसारी ने मंत्री को बालोद में आयोजित राज्य महिला हॉकी प्रतियोगिता के दौरान पटरी पार क्षेत्र की तीन खिलाडिय़ों द्वारा अपने पहले ही टूर्नामेंट में विजेता बनने की उपलब्धि के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने देश की प्रतिष्ठित महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया ने इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए 20 से 28 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।