राजनांदगांव

भाजपा की पार्षद सूची से ईसाई-मुस्लिम चेहरे गायब
28-Jan-2025 3:32 PM
भाजपा की पार्षद सूची से ईसाई-मुस्लिम चेहरे गायब

शैंकी बग्गा एकमात्र सिख समाज के चेहरे, पत्नी-रिश्तेदारों को टिकट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 जनवरी।
भाजपा की पार्षदों की सूची में परिवारवाद का बोलबाला है। पार्षदों की सूची में भाजपा ने पत्नी और रिश्तेदारों को खुलकर टिकट बांटी है, जबकि पार्टी ने ईसाई और मुस्लिम चेहरों को सूची से अलग रखा है। 

भाजपा में ईसाई और मुस्लिम समुदाय से कई लोग टिकट के लिए जोर आजमाईश कर रहे थे। पार्टी ने इन दोनों वर्ग को टिकट से वंचित रखा है। राजनांदगांव नगर की सियासत में इन दोनों वर्ग को नजरअंदाज करने का पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। 

वजह यह है कि मुस्लिम और ईसाई समुदाय की लगभग हर क्षेत्र में खासी तादाद है। विशेषकर स्टेशनपारा इलाके से लेकर शहर के कुछ खास क्षेत्रों में दोनों वर्ग की पैठ है। भाजपा के भीतर इस बात को लेकर चिंता भी जताई जा रही है कि इन दोनों वर्ग में से एक-एक चेहरे को मौका दिया जाना चाहिए था।  वहीं पूर्व पार्षदों पर संगठन की खूब मेहरबानी नजर आ रही है। 51 वार्ड में भाजपा ने संगठन से जुड़े नेताओं को भी पार्षद चुनाव लडऩे मैदान में उतारा है।

पार्टी ने कुछ ऐसे चेहरों को सामने लाया है जिनके पति या रिश्तेदार पहले पार्षद रहे हैं। प्रमुख रूप से महात्मा बुद्ध वार्ड नं. 2 से सावन वर्मा टिकिट लेने में कामयाब रहे। वह भाजपा के संगठन महामंत्री भी रहे हैं और साथ ही एल्डरमैन भी रहे हैं। पार्टी ने वार्ड नं. 4 शांति नगर से श्यामा सुखदेवे को चुनाव मैदान में भेजा है। श्यामा भी पूर्व पार्षद रहे हैं।

इसी तरह वार्ड नं. 5 चिखली से पूर्व महापौर हेमा देशमुख से पिछला चुनाव हार चुके लोकेश जैन की पत्नी श्रुति जैन को भाजपा ने प्रत्याशी घोषित किया है। इसी वार्ड से सटे वार्ड नं. 6 से सुनील साहू  भी चुनाव मैदान में है। वह 2015 से 2020 तक पार्षद रहे हैं। भाजपा ने रानीलक्ष्मीबाई वार्ड नं. 10 से शिव वर्मा को मैदान में भेजा है। वर्मा लगातार पार्षद चुनकर  निगम में आ रहे हैं। वह निगम अध्यक्ष के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। पार्टी ने पारस वर्मा और किशुन यदु को भी दोबारा टिकट दिया है। दोनों पार्षद रहे हैं।

वार्ड नं. 25 और 26 से भाजपा ने शरद सिन्हा की पत्नी वर्षा और नादान सेन की पत्नी झमित को प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने तिलक वार्ड नं. 27 से राजेश जैन को दोबारा टिकट दिया है। जनता कॉलोनी वार्ड से गप्पू सोनकर की पत्नी सोनिया को मौका दिया गया है।

इसी तरह दिग्विजय वार्ड क्र. 38 से मणिभास्कर गुप्ता तीसरी बार टिकिट हासिल कर पार्षद चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने वार्ड नं. 42 व 43 में क्रमश: अमृता सिन्हा और खेमिन यादव को कांग्रेस से मुकाबला करने  अधिकृत किया है। सर्किट हाउस वार्ड नं. 43 से खेमिन दूसरी बार चुनाव लड़ रही है। बसंतपुर वार्ड क्र. 46 से हेमंत शेखर यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं। वह लगातार तीसरी बार टिकट पाने में सफल रहे हैं। 

भाजपा की सूची में ओबीसी और सामान्य वर्ग को खास तरजीह मिली है, लेकिन ईसाई और मुस्लिम समुदाय को पार्टी ने टिकट देने से परहेज किया है।
 


अन्य पोस्ट