राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी। सडक़ सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं सडक़ सुरक्षा माह में 50 आटो और ई-रिक्शा चालकों को वर्दी का वितरण किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सडक़ सुरक्षा माह के दौरान 12 जनवरी को एसपी मोहित गर्ग के निर्देशन एवं एएसपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस निरीक्षक अजय खेस एवं यातायात टीम द्वारा शहर में संचालित 50 आटो और ई-रिक्शा वाहन चालकों को वर्दी का वितरण कर यातायात नियमों का पालन करने जागरूक किया गया। सभी आटो व ई-रिक्शा चालकों को क्षमता से अधिक सवारी नहीं बिठाने, यातायात नियमों व संकेतों का पालन करने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ी नहीं करने की समझाईश दी गई। साथ ही यातायात जनजागरूकता रथ के माध्यम से जिले के गठुला, बोरी, तिलई, पदुमतरा, रेगाकठेरा, डिलापहरी, बरगाही, नया ढाबा में पाम्पलेट वितरण कर सउनि कमल किशोर श्रीवास्तव, आर. संदीप कुर्रे, आर. ओमप्रकाश सिन्हा के माध्यम लोगों को दुर्घटनाओं से होने वाली मानव क्षति के बारे में बताते दूसरों के लिए नहीं स्वयं की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने कहा गया। साथ ही राजनांदगांव यातायात पुलिस की आम लोगों से अपील है कि आप अपने परिवार एवं स्वयं की सुरक्षा के लिए बिना हेलमेट दुपहिया वाहन न चलाएं, दुपहिया वाहन में तीन सवारी न चले, वाहन चलाते समय मोबाइल में बात न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, नशे की हालात में कभी भी वाहन न चलाएं, नियंत्रित गति में वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें। यातायात रथ के माध्यम से जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।