राजनांदगांव

किसानों को समृद्ध बनाने उनकी मदद की जरूरत-राज्यपाल
12-Jan-2025 2:58 PM
किसानों को समृद्ध बनाने उनकी मदद की जरूरत-राज्यपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी।
राज्यपाल रमेन डेका की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव हीना अनिमेष नेताम, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईआ सुरूचि सिंह उपस्थित थे। 

राज्यपाल डेका ने जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं अभियान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल है तो हम हंै। जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ाने की आवश्यकता है। जल संरक्षण के लिए जनसामान्य को प्रेरित करें तथा पानी व्यर्थ न बहे इस बात का विशेष ध्यान रखें। 
उन्होंने कहा कि जिले में मिशन जल रक्षा अभियान के तहत जल संरक्षण की दिशा में बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जिले में सिंचाई, भू-जल स्तर, जैविक कृषि प्रोत्साहन, नवाचार के संबंध में गहन चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक खेती से बहुत फायदा मिलेगा। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी से कहा कि किसानों से लगातार मिलते रहे और उन्हें जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करें। उन्हें नवीनतम तकनीक तथा नवाचार के संबंध में जानकारी देते रहे और उनकी मदद करें। 

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर उन तक शासन की योजनाएं पहुंचाई जा रही है। उन्होंने जिले में चलाए जा रहे सघन पौधरोपण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट टीवी एवं संपर्क डिवाईस के माध्यम से प्राथमिक स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में जनसहभागिता से अभियान चलाया गया है। जिससे दूरस्थ अंचल तक बच्चों के सीखने की प्रवृत्ति बढ़ी है। 

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जनसहभागिता से सीसीटीवी कैमरा लगाए जा रहे हैं। राजनांदगांव शहर की सुरक्षा व्यवस्था हेतु शहर में 385 नए सीसीटीव्ही कैमरा लगाए गए हैं। शहर में लगे 385 नग नए कैमरे एवं पुराने 152 कैमरे को अपडेट किया गया है। शहर में अत्याधुनिक एएनपीआर कैमरा 25, व्हेरीफोकल कैमरा 300, पीटीजेड कैमरा 10 एवं 80 मीटर फोकस कैमरा 50  लगाया गया है। पुलिस सीसीटीव्ही कन्ट्रोल रूम में नवीन सर्वर रूम स्थापित किया गया है।

जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने बताया कि कैच द रेन अंतर्गत नागरिकों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिले में वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर व्यापक पैमाने पर बनाए गए हंै। जनसामान्य को पौधरोपण एवं फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

लखपति दीदी दिव्या को किया सम्मानित
राज्यपाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन में शामिल होने के लिए चयनित राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम कुसमी की लखपति दीदी दिव्या निषाद को सम्मानित किया। इस दौरान दिव्या निषाद ने अपने लखपति दीदी बनने के सफर के बारे में अपने अनुभव साझा किए। 


अन्य पोस्ट