राजनांदगांव

पुलिस भर्ती गड़बड़ी : कंपनी के 5 ऑपरेटर हिरासत में
02-Jan-2025 2:10 PM
पुलिस भर्ती गड़बड़ी : कंपनी के 5 ऑपरेटर हिरासत में

 पूछताछ के बाद हो सकती है गिरफ्तारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 जनवरी। पुलिस भर्ती गड़बड़ी मामले में टेक्नोलॉजी कंपनी के 5 ऑपरेटर को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के बाद ऑपरेटरों की गिरफ्तारी हो सकती है। राजनांदगांव रेंज में 6 से ज्यादा पदों के आरक्षक भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता टेस्ट के दौरान एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी। जिसमें कई अभ्यर्थियों को प्राप्त नंबरों की तुलना में ज्यादा नंबर देने मामला उजागर हुआ था।

इस मामले में आईजी दीपक झा ने एसआईटी का गठन भी किया है। टीम  अपने स्तर पर जांच पड़ताल कर रही है। वहीं भर्ती में  गड़बड़ी करने वालों को पुख्ता सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। अब तक 11 को जेल भेजा गया है। जिसमें महिला आरक्षक, ऑपरेटर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हैदराबाद की टाईमिंग टेक्नोलॉजी कंपनी राजनांदगांव समेत राज्यभर की आरक्षक भर्ती प्रक्रिया का तकनीकी जिम्मा सम्हाले हुए हैं। इस बीच गुरुवार को 5 ऑपरेटरों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा लगातार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दे रहे हैं। वजह यह है कि राजनांदगांव रेंज में भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुई चूक से सरकार की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ा है। ऐसे में भर्ती के दौरान गंभीर खामियों को स्थानीय पुलिस अफसरों ने उजागर कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। फिलहाल 5 ऑपरेटरों से लंबी पूछताछ चल रही है।

——————------


अन्य पोस्ट