राजनांदगांव
.jpeg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती तथा सुशासन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले में अटल परिसर के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए तथा वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव जिले में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय ने बुधवार को शहर के वर्धमान नगर में अटल परिसर का भूमिपूजन किया तथा कार्यक्रम में शामिल हुए।
सांसद पाण्डेय ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आज प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर का भूमिपूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनका दुनिया लोहा मानती रही। उनका व्यक्तित्व इतना सशक्त था कि न केवल पक्ष बल्कि विपक्ष के भी जनप्रतिनिधि उनके प्रति सम्मान रखते थे। सांसद ने बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने विपक्ष के मंत्री होने के बावजूद संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का प्रतिनिधित्व करने अटल बिहारी वाजपेयी को दायित्व सौंपा, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। सांसद ने कहा कि अटल बिहारी देश के महान राजनेता, एक अच्छे लेखक, कवि और साहित्यकार थे। उनकी राष्ट्रीय कविताओं का उल्लेख साहित्य में मिलता है।
छत्तीसगढ़ स्काउट गाईड के उपाध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का नाम विश्व के लोकप्रिय नेताओं के शीर्ष में लिया जाता है। देश के विकास में उनका योगदान मील का पत्थर है।
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कहा कि परिसर में उनकी प्रतिमा लगाई जाएगी तथा इस परिसर को अच्छी तरह से विकसित किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर विकसित किए जा रहे हैं। नगर पालिक निगम राजनांदगांव के लिए 50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। वही छोटे नगरीय निकायों के लिए 20-25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि इस परिसर को भव्य रूप में विकसित करें, ताकि देश के महान राजनेता एवं उनके उत्कृष्ट विचारों को नागरिक आत्मसात कर सकें।
इस अवसर पर रमेश पटेल, शिव वर्मा, सुमित भाटिया, देवशरण सेन, गगन आईच, आभा तिवारी, मणिभास्कर गुप्ता, आलोक बिंदल, खेमीन यादव सहित अन्य पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम खेमलाल वर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में राजनांदगांव शहर के वार्ड नंबर 19 जीई रोड किनारे मनराज होण्डा शोरूम के समीप अटल परिसर निर्माण कार्य के लिए 50 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसके तहत पेडस्टल, एमएस रेलिंग, सीमेंट म्यूरल, लैण्ड स्केपिंग कार्य सहित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की धातु से निर्मित मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
इस दौरान वर्धमान नगर में आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जीवन यात्रा को प्रदर्शित किया गया तथा अवदानों का स्मरण किया गया। विशेषकर उनकी ख्याति प्राप्त कविता क्या हार में क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, कर्तव्य पथ पर जो मिला, ये भी सही वो भी सही, वरदान नहीं मागंूगा, हो कुछ भी पर हार नहीं मानूंगा... कविता का पाठ किया गया।
कारगिल युद्ध विजय, पोखरण में परमाणु परीक्षण एवं अन्य उपलब्धियों व यादों को स्मरण किया गया।